रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के साथ दिखेगा ‘लव एंड वॉर’ का टीजर, मेकर्स ने बदला प्लान

KNEWS DESK – बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर इन दिनों अपनी दो बड़ी फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा में हैं. एक तरफ उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है, तो दूसरी ओर संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ को लेकर भी फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है. अब ‘लव एंड वॉर’ के टीजर को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय लीला भंसाली ने ‘लव एंड वॉर’ के टीजर को रणबीर कपूर की ‘रामायण’ के साथ रिलीज करने का फैसला किया है. यानी जो दर्शक ‘रामायण’ देखने सिनेमाघरों में पहुंचेंगे, उन्हें फिल्म के साथ ‘लव एंड वॉर’ की पहली झलक भी देखने को मिल सकती है.

रणबीर के बर्थडे पर नहीं आएगा टीजर

पहले खबर थी कि ‘लव एंड वॉर’ का टीजर रणबीर कपूर के जन्मदिन यानी 28 सितंबर को रिलीज किया जा सकता है. हालांकि, फिल्म की शूटिंग सितंबर के पहले हफ्ते में ही पूरी हुई है. ऐसे में इतने कम समय में टीजर को तैयार करना मुश्किल माना जा रहा है.

इसी वजह से मेकर्स ने टीजर को रणबीर के बर्थडे पर रिलीज करने के बजाय ‘रामायण’ के साथ सिनेमाघरों में दिखाने का प्लान बनाया है. हालांकि, इसको लेकर अभी मेकर्स की ओर से आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है.

28 सितंबर को मिल सकता है फिल्म से जुड़ा अपडेट

रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि रणबीर कपूर के जन्मदिन पर ‘लव एंड वॉर’ का टीजर भले ही रिलीज न हो, लेकिन फिल्म से जुड़ा कोई अन्य एसेट फैंस के सामने लाया जा सकता है. इसमें फिल्म की कोई झलक, पोस्टर या अन्य अपडेट शामिल हो सकता है.

‘लव एंड वॉर’ में रणबीर कपूर के अलावा आलिया भट्ट और विकी कौशल भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली कर रहे हैं.

21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी ‘लव एंड वॉर’

रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल की यह फिल्म 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. पहले फिल्म को क्रिसमस 2025 पर रिलीज किया जाना था, लेकिन बाद में इसकी रिलीज टाल दी गई. इसके बाद फिल्म की रिलीज डेट को लेकर कई तरह की अटकलें लगती रहीं, लेकिन अब मेकर्स ने 2027 की रिलीज पर मुहर लगाई है.

वहीं रणबीर कपूर की ‘रामायण’ की बात करें तो इसमें वह भगवान राम की भूमिका निभाते नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा.

‘रामायण’ का पहला पार्ट इस साल दिवाली के मौके पर 8 नवंबर को भारत में रिलीज होगा, जबकि विदेशों में इसे 6 नवंबर को रिलीज किए जाने की जानकारी है. फिल्म के दूसरे पार्ट को अगले साल दिवाली पर रिलीज करने की तैयारी है.

फिल्म में रणबीर कपूर के साथ यश, साई पल्लवी, सनी देओल, रवि दुबे और रुकुल प्रीत सिंह समेत कई बड़े कलाकार नजर आएंगे. ऐसे में ‘रामायण’ के साथ ‘लव एंड वॉर’ का टीजर दिखाया जाता है तो रणबीर के फैंस के लिए यह डबल ट्रीट साबित हो सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *