अपूर्व लाखिया के डायरेक्शन में बनी सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ को लेकर आए दिन कोई न कोई नया अपडेट सामने आ रहा है। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि जल्द ही इस पिक्चर की रिलीज डेट का ऐलान हो सकता है। ये भी कहा गया कि मेकर्स नवंबर में इस फिल्म को रिलीज करने का प्लान कर रहे हैं। अब एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी भी इस फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन पर काम चल रहा है। रिलीज डेट को लेकर फिलहाल स्पष्टता नहीं है।
Knews Desk – वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो फिल्म में अभी भी बदलाव का काम जारी है और रवि बसरूर बैकग्राउंड स्कोर पर लगे हुए हैं। मेकर्स ने अभी फिल्म का फाइनल कट तय नहीं किया है। यानी फिल्म का फाइनल वर्जन तैयार होना बाकी है। ये भी कहा गया है कि एक बार फाइनल कट तैयार हो गया, उसके बाद ही फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के पास सेंसर प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
रिलीज डेट पर क्या अपडेट?
फिल्म को कब रिलीज करना है, इसकी प्लानिंग काम खत्म होने और सेंसर प्रोसेस शुरू होने के बाद ही की जाएगी। पहले सलमान खान की ये फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी, लेकिन फिल्म में कुछ बदलाव होने थे, इसलिए इसे पोस्टपोन कर दिया गया। हाल ही में ये खबर आई थी कि I&B मिनिस्ट्री ने फिल्म को NOC दे दी है। अब देखना होगा कि मेकर्स कब तक अपनी फिल्म को CBFC के पास भेजते हैं।
सलमान खान की पिछली रिलीज फिल्म
सलमान खान के फैंस उनकी इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। दरअसल, उनकी पिछली रिलीज फिल्म ‘सिकंदर’, जो मार्च 2025 में आई थी, उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थी। फिल्म को कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला था। ऐसे में फैंस सलमान को एक बार फिर पर्दे पर देखने के लिए एक्साइटेड हैं।
दूसरी तरफ सलमान डायरेक्टर वामशी पेडिपल्ली के साथ ‘मॉन्स्टर’ नाम की एक एक्शन-ड्रामा फिल्म पर भी काम कर रहे हैं, जो साल 2027 में ईद पर रिलीज होगी।