Knews Desk– मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को चुनाव आयोग की ओर मार्च और धरने के बाद बुधवार को INDIA गठबंधन के सांसद दिल्ली के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच के लिए जुटे। इसके बाद सांसद बसों में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए। राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर धरना देने का ऐलान किया और दोहराया कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्षी सांसद मंगलवार को चुनाव आयोग से मिलना चाहते थे, लेकिन उन्हें मिलने का मौका नहीं दिया गया और दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर भी निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा, “मेरा लक्ष्य 100 FIR का है, सभी FIR मेरे लिए मेडल हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष डरने वाला नहीं है और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी बात पूरे देश तक पहुंचाएगा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने लंच के दौरान कहा कि “आज लंच के मेन्यू में भोजन है, आंदोलन नहीं।” राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज FIR पर उन्होंने कहा कि विपक्ष FIR से डरता नहीं है और इसे सम्मान का प्रतीक मानता है। उन्होंने कहा कि सांसद 64 फीसदी लोगों के प्रतिनिधि हैं।
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने और बिना अनुमति धरना देने के आरोप में FIR दर्ज की है। मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, जिसके चलते पार्लियामेंट स्ट्रीट को पूरी तरह बंद कर दिया गया था।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और विपक्षी सांसद आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठ गए थे। यह प्रदर्शन आठ घंटे से ज्यादा चला और रात 8 बजे के बाद खत्म हुआ। पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, टीएमसी के डेरेक ओ’ब्रायन समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान करीब 250 लोगों को हिरासत में लिया गया। ज्यादातर लोगों को कुछ देर बाद छोड़ दिया गया, जबकि राहुल गांधी और अन्य सांसदों को करीब दो घंटे हिरासत में रखने के बाद रात 10 बजे के बाद रिहा किया गया।