KNEWS DESK – ‘बिग बॉस 9’ की सेकंड रनर-अप और एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. एक्ट्रेस का दावा है कि पिछले करीब 6 साल से एक अज्ञात स्टॉकर उनका पीछा कर रहा है और उनकी जिंदगी, करियर और रिश्तों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है.
मंदाना ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो और स्क्रीनशॉट शेयर कर इस कथित साइबर बुलिंग और स्टॉकिंग की जानकारी दी. उनका कहना है कि भारत छोड़कर दुबई शिफ्ट होने के बाद भी उन्हें इस तरह के मैसेज और ईमेल लगातार मिल रहे हैं.
एक्स हसबैंड से अलगाव के बाद शुरू हुआ सिलसिला
मंदाना के मुताबिक, यह उत्पीड़न उनके एक्स हसबैंड और बिजनेसमैन गौरव गुप्ता से अलग होने के बाद शुरू हुआ था.
एक्ट्रेस का आरोप है कि एक अज्ञात शख्स उनके प्रोड्यूसर्स, को-स्टार्स और दोस्तों को आपत्तिजनक ईमेल और मैसेज भेजता है. इन संदेशों के जरिए लोगों को मंदाना से दूर रहने के लिए कहा जाता है और कथित तौर पर उनसे पैसे भी मांगे जाते हैं.
एक वीडियो में मंदाना ने कहा कि वह छुट्टियों पर हैं और इसके बावजूद यह सब फिर से शुरू हो गया है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कौन उनसे इतनी नफरत करता है कि वह उनका काम, पैसा और दोस्तियां तक खत्म करना चाहता है.
प्रोफेशनल हैकर को हायर करने का दावा
मंदाना ने बताया कि करीब चार साल पहले उन्होंने इस मामले की सच्चाई पता लगाने के लिए एक प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर की मदद ली थी.
https://www.instagram.com/p/Dct26BqiFBn/?
उनके मुताबिक, जांच में पता चला कि किसी शख्स ने कथित तौर पर एक प्रोफेशनल हैकर को पैसे देकर हायर किया है, जो उनकी सोशल मीडिया गतिविधियों पर लगातार नजर रखता है. मंदाना का दावा है कि उनके संपर्क में आने वाले या उनकी पोस्ट में टैग होने वाले लोगों को ‘मीनाक्षी’ नाम के एक फर्जी ईमेल अकाउंट से मेल भेजे जाते हैं.
एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने भारत छोड़ दिया है, लेकिन उनके दोस्तों को अब भी ऐसे ईमेल मिल रहे हैं. उनका आरोप है कि भारत में पुलिस से शिकायत करने के बावजूद उन्हें इस मामले में कोई ठोस मदद नहीं मिली.
‘अब बहुत हो चुका…’ शेयर किए स्क्रीनशॉट
लगातार हो रहे कथित साइबर बुलिंग और स्टॉकिंग से परेशान होकर मंदाना ने अब सोशल मीडिया पर खुलकर बोलने का फैसला किया है.
उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि वह कई सालों से इस उत्पीड़न का सामना कर रही हैं. उनका कहना है कि भारत से दुबई शिफ्ट होने के बाद भी यह सिलसिला नहीं रुका.
मंदाना ने दावा किया कि उन्होंने कई बार साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब वह सबूतों के साथ सार्वजनिक रूप से सामने आ रही हैं.
उन्होंने अपने दोस्तों और फैंस से भी अपील की कि अगर उन्हें मंदाना के नाम से कोई संदिग्ध ईमेल या मैसेज मिलता है तो उसका जवाब न दें और किसी तरह का पैसा ट्रांसफर न करें. इसके बजाय उसका स्क्रीनशॉट उन्हें भेजें.
16 साल भारत में रहने के बाद दुबई शिफ्ट हुईं मंदाना
ईरान की रहने वाली मंदाना करीमी करीब 16 साल तक भारत में रहीं. उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में काम किया है. वह ‘रॉय’, ‘भाग जॉनी’ और ‘क्या कूल हैं हम 3’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी हैं. इसके अलावा साल 2022 में वह कंगना रनौत के रियलिटी शो ‘लॉक अप’ का भी हिस्सा बनी थीं.
मंदाना ने इसी साल मई में भारत छोड़ने का ऐलान किया था. मुंबई एयरपोर्ट से शेयर किए गए एक भावुक वीडियो में उन्होंने बताया था कि सुरक्षा और निजी कारणों की वजह से वह भारत से दुबई शिफ्ट हो रही हैं. अब उनके ताजा खुलासे के बाद उनकी सुरक्षा और कथित साइबर स्टॉकिंग को लेकर चर्चा तेज हो गई है.