ट्रेन में दुश्मनों से भिड़ेंगे सलमान खान, ‘मॉन्स्टर’ के धांसू एक्शन की तैयारी शुरू

Knews Desk – बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान साल 2027 को अपने नाम करने की तैयारी में हैं। लंबे समय से वह डायरेक्टर वामशी पेडिपल्ली के साथ एक एक्शन-ड्रामा फिल्म पर काम कर रहे हैं, जो अगले साल ईद के मौके पर रिलीज होगी। मेकर्स ने अभी फिल्म के नाम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है, लेकिन रिपोर्ट्स में इसका टाइटल ‘मॉन्स्टर’ बताया जा रहा है। अब फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है, जिससे सलमान खान के फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ सकती है।

दरअसल, मेकर्स ने फिल्म में एक ट्रेन फाइट सीक्वेंस प्लान किया है। इस सीन में सलमान खान का किरदार ट्रेन के अंदर दुश्मनों से भिड़ता नजर आएगा। इस एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग सलमान खान के बॉडी डबल परवेज काजी के साथ की जा रही है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म के अहम एक्शन सीन्स में से एक है।

‘मिड डे’ की एक रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि ट्रेन वाला सीन काफी मुश्किल है, जिसमें बहुत ज्यादा मूवमेंट और तालमेल की जरूरत है। फिलहाल इस सीक्वेंस की शूटिंग गोरेगांव की आरे कॉलोनी में बनाए गए सेट पर की जा रही है।

https://www.instagram.com/p/DUB3qKLjErQ/

परवेज काजी कुछ समय पहले बीमार पड़ गए थे। हार्ट से जुड़ी समस्या के कारण वह शूटिंग से दूर हो गए थे। उनकी गैर-मौजूदगी में सलमान खान ने खुद कई एक्शन सीक्वेंस किए थे। अब परवेज काजी ठीक होकर दोबारा शूटिंग पर लौट आए हैं और आते ही इस एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग में जुट गए हैं।

परवेज काजी लंबे समय से सलमान खान के बॉडी डबल के तौर पर काम कर रहे हैं। वह ‘टाइगर जिंदा है’, ‘दबंग 3’ और ‘रेस 3’ समेत कई फिल्मों में सलमान के बॉडी डबल रह चुके हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, परवेज सलमान के एक्शन मूव्स और उनकी बॉडी लैंग्वेज से अच्छी तरह परिचित हैं, इसलिए इस तरह के जटिल एक्शन सीन्स में उनकी मौजूदगी अहम मानी जाती है।

फिल्म में सलमान खान के अपोजिट नयनतारा नजर आएंगी। इसके अलावा अभिमन्यु सिंह, राजपाल यादव, जैकी श्रॉफ और राहुल देव जैसे सितारे भी फिल्म का हिस्सा हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *