रणबीर कपूर के स्टंट डबल ने खोले ‘रामायण’ के सेट के राज, शेयर कीं एक्शन सीन्स की तस्वीरें

‘रामायण’ में स्टंट परफॉर्मर ल्यूक इओननू ने रणबीर कपूर के बॉडी डबल के तौर पर काम किया है। ल्यूक ने सोशल मीडिया पर फिल्म की शूटिंग के दौरान की कई अनदेखी तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों में फिल्म के बड़े स्तर पर तैयार किए गए एक्शन सीन्स और शूटिंग से जुड़ी तैयारियों की झलक देखने को मिल रही है।

Knews Desk – स्टंट परफॉर्मर ल्यूक इओननू ने इंस्टाग्राम पर ‘रामायण’ की शूटिंग से जुड़ी कई तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने फिल्म में रणबीर कपूर के बॉडी डबल के तौर पर काम किया है। तस्वीरों में फिल्म के एक्शन सीक्वेंस की तैयारियों और शूटिंग के दौरान इस्तेमाल किए गए बड़े सेटअप की झलक दिखाई गई है।

ल्यूक की शेयर की गई तस्वीरों में एक तस्वीर ऐसी है, जिसमें वह रणबीर कपूर के साथ नजर आ रहे हैं। दोनों पारंपरिक सुनहरे-भूरे रंग की पोशाक में दिखाई दे रहे हैं। ल्यूक के गले में रुद्राक्ष की कई मालाएं हैं और उनके बालों का जूड़ा बना हुआ है।

ल्यूक ने रणबीर कपूर की भी तारीफ की है। स्टंट मैन ने कैप्शन में लिखा है कि ‘रामायण’ जैसी महत्वपूर्ण कहानी को पर्दे पर लाने का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है। उन्होंने रणबीर कपूर के स्टंट डबल के तौर पर काम करने के अनुभव को शानदार बताया और कहा कि रणबीर उन बेहतरीन एक्टर्स में से एक हैं, जिनके साथ उन्हें काम करने का मौका मिला है। इसके अलावा उन्होंने फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू का आभार जताया, जिनके साथ उन्होंने शूटिंग के दौरान काम किया।

फिल्म के एक्शन सीक्वेंस की तैयारियां भी तस्वीरों में काफी दिलचस्प नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में ल्यूक एक बड़े मैकेनिकल सेटअप पर खड़े दिखाई दे रहे हैं, जिसे किसी पौराणिक जीव जैसा रूप दिया गया है। इस ढांचे को कई तारों की मदद से संभाला गया है और इसके पीछे ब्लू स्क्रीन लगी हुई है।

एक अन्य तस्वीर में शूटिंग के लिए इस्तेमाल किया जा रहा बड़ा कैमरा रिग दिखाई दे रहा है। इन तस्वीरों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म के एक्शन सीन्स को तैयार करने में बड़ी टीम और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। ल्यूक द्वारा शेयर की गई इन तस्वीरों ने फिल्म की शूटिंग और एक्शन सीक्वेंस को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *