प्रियंका चोपड़ा ने सात समंदर पार अमेरिका में भी बेहद धूमधाम से रोशनी का त्योहार दिवाली सेलिब्रेट किया। एक्ट्रेस ने लॉस एंजेलिस स्थित अपने घर पर दिवाली पार्टी की, जिसकी कई खास तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ शेयर की हैं।
Knews Desk – बॉलीवुड से ग्लोबल स्टार बनीं प्रियंका चोपड़ा भले ही सात समंदर पार अमेरिका में रहने लगी हैं, लेकिन वहां भी वह अपने हर त्योहार को बड़े धूमधाम से मनाती हैं। प्रियंका ने अब लॉस एंजेलिस में अपने घर पर दिवाली पार्टी की, जिसकी कुछ पसंदीदा तस्वीरें उन्होंने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ शेयर की हैं।

दिवाली पार्टी में प्रियंका चोपड़ा बेहद खूबसूरत गाउन में नजर आ रही हैं। वहीं उनके पति निक जोनास भी दिवाली के रंग में रंगे दिखाई दे रहे हैं। निक ने इस मौके पर एथनिक ड्रेस पहनी है। दोनों की नन्ही बेटी मालती मैरी भी पिता के साथ मैच करते हुए सफेद रंग के लहंगे में नजर आ रही हैं।

प्रियंका ने अपने लुक में चार चांद लगाने के लिए बालों में गजरा भी लगाया हुआ है। दिवाली पार्टी में प्रियंका बेहद खुश और उत्साहित नजर आईं। उन्होंने परिवार और दोस्तों के साथ जमकर मस्ती की। प्रियंका ने तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “इस दिवाली की कुछ पसंदीदा तस्वीरें। आप सभी को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं।”

प्रियंका के इस पोस्ट पर उनके पति निक जोनास ने भी रिएक्ट किया है। उन्होंने कमेंट बॉक्स में दीया और हंसने वाली इमोजी पोस्ट की है। प्रियंका की इन दिवाली तस्वीरों को फैंस का भी खूब प्यार मिल रहा है और पोस्ट पर लाखों लाइक्स आ गए हैं।

प्रियंका चोपड़ा के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह इस वक्त एसएस राजामौली के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘वाराणसी’ में काम कर रही हैं। इस फिल्म में तेलुगू स्टार महेश बाबू लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म अगले साल रिलीज होगी।