KNEWS DESK – बॉलीवुड स्टार Ranbir Kapoor और Alia Bhatt हाल ही में मुंबई में अपने नए आलीशान घर ‘कृष्णा राज’ में शिफ्ट हुए हैं। करीब 250 करोड़ रुपये की कीमत वाले इस 6-मंजिला घर को लेकर लगातार चर्चा हो रही है। इस घर की खास बात यह है कि इसमें Neetu Kapoor के लिए भी एक अलग फ्लोर बनाया गया है, जबकि Riddhima Kapoor Sahni, भरत साहनी और समारा के लिए भी अलग कमरे रखे गए हैं।
हाल ही में एक बातचीत के दौरान नीतू कपूर ने बताया कि वह अपने बेटे रणबीर और बहू आलिया के साथ एक ही बिल्डिंग में रहते हुए भी उनकी निजी जिंदगी में दखल नहीं देतीं। इन दिनों नीतू कपूर अपनी फिल्म ‘दादी की शादी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जो 8 मई को रिलीज हुई है। इसी प्रमोशन के दौरान उन्होंने Soha Ali Khan से बातचीत में परिवार और रिश्तों को लेकर खुलकर बात की।
नीतू कपूर ने कहा कि जब बच्चों की शादी हो जाती है, तो माता-पिता को उन्हें उनकी स्पेस देनी चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं अपने बच्चों के साथ उसी बिल्डिंग में रहती हूं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि मैं जब चाहूं उनके घर चली जाऊं। मैं चाहती हूं कि उन्हें अपनी जिंदगी अपनी तरह से जीने का पूरा अधिकार मिले। उनकी प्राइवेसी बहुत जरूरी है और मैं उसमें दखल नहीं देती।”
उन्होंने आगे बताया कि वह बिना बताए रणबीर-आलिया के कमरे में नहीं जातीं। यहां तक कि उनकी पोती राहा भी जब फ्री होती है, तभी उनके पास आती है। नीतू का मानना है कि परिवार में प्यार के साथ-साथ एक-दूसरे की निजी सीमाओं का सम्मान भी बेहद जरूरी होता है।
बातचीत के दौरान नीतू कपूर ने दिवंगत अभिनेता Rishi Kapoor को भी याद किया। उन्होंने बताया कि जब रिद्धिमा की शादी हुई थी, तब ऋषि कपूर उन्हें हर दिन फोन किया करते थे। इस पर नीतू उन्हें समझाती थीं कि शादी के बाद बच्चों को अपनी जिंदगी जीने की आजादी मिलनी चाहिए।
नीतू ने कहा, “मैं ऋषि जी से कहती थी कि रिद्धिमा की शादी हो गई है, अब उन्हें हर दिन फोन मत किया करो। भरत भी वहां हैं, उन्हें अपनी जिंदगी जीने दो। कभी-कभार बात करना ठीक है, लेकिन हर समय उनके सिर पर सवार रहना सही नहीं है।”