“जो परेशान करे, उसकी जिंदगी नरक बना दो…” मामी सुनीता आहूजा के सपोर्ट में उतरीं कश्मीरा शाह

KNEWS DESK – रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में इन दिनों हाई-वोल्टेज ड्रामा लगातार बढ़ता जा रहा है। हालिया एपिसोड में सुनीता आहूजा भावुक होती नजर आईं, जहां वे रोते-रोते घर वापस जाने की इच्छा जताती दिखीं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि गोविंदा ने उन्हें पहले ही इस शो में शामिल होने से मना किया था, लेकिन उन्होंने उनकी बात नहीं मानी। सुनीता के इन इमोशनल पलों के कई वीडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे फैंस भी काफी चिंतित हैं।

इसी बीच अब कश्मीरा शाह अपनी मामी सुनीता आहूजा के सपोर्ट में सामने आई हैं। कश्मीरा ने सोशल मीडिया पर एक लंबा और इमोशनल पोस्ट शेयर करते हुए सुनीता का हौसला बढ़ाया है। उन्होंने साफ कहा कि सुनीता को किसी भी हालत में कमजोर नहीं पड़ना चाहिए और अगर कोई उन्हें परेशान कर रहा है तो उसे करारा जवाब देना चाहिए।

कश्मीरा ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं और लिखा कि सुनीता अकेली नहीं हैं, पूरा परिवार उनके साथ खड़ा है। उन्होंने उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह देते हुए कहा कि शो हो या असल जिंदगी, उन्हें अपनी असली पर्सनैलिटी को बनाए रखना चाहिए और किसी के दबाव में नहीं आना चाहिए। कश्मीरा ने यहां तक कहा कि वह खुद सुनीता की सुरक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी रहेंगी और किसी को भी उन्हें नीचा दिखाने नहीं देंगी।

उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी लिखा कि अगर कोई सुनीता को परेशान कर रहा है तो उसे उसी अंदाज में जवाब देना चाहिए और डरने की जरूरत नहीं है। कश्मीरा का यह सपोर्टिव पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है और लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।

https://www.instagram.com/p/Dab7aIxDHM4/

वहीं शो के हालिया एपिसोड में सुनीता आहूजा ने न सिर्फ भावुक होकर खाना खाने से इनकार किया, बल्कि शो छोड़ने की इच्छा भी जताई थी। उनके इन पलों के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उनके सपोर्ट में सामने आ रहे हैं और उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह दे रहे हैं।

अब देखना होगा कि आने वाले एपिसोड में सुनीता आहूजा खुद को संभाल पाती हैं या नहीं, लेकिन फिलहाल कश्मीरा शाह का यह सपोर्ट उनके लिए एक बड़ी हिम्मत बनकर सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *