KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्म ‘डॉन 3’ को लेकर जारी विवाद में अब अभिनेत्री कंगना रनौत का बयान चर्चा का विषय बन गया है। कंगना ने हाल ही में एक इंटरव्यू में रणवीर सिंह के समर्थन में अपनी राय रखते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि अभिनेता को जानबूझकर निशाना बनाया गया है।

जब कंगना से पूछा गया कि आखिर रणवीर सिंह ही विवादों के केंद्र में क्यों हैं, तो उन्होंने कहा कि इसका सही जवाब केवल रणवीर ही दे सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में कई बार ऐसे हालात बनते हैं, जहां कुछ लोगों को विशेष रूप से टारगेट किया जाता है।
कंगना ने बातचीत के दौरान यह भी कहा कि रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद परिस्थितियां बदलीं। उनके मुताबिक, ऐसी फिल्में जो राष्ट्रीय सुरक्षा और आतंकवाद जैसे विषयों को अलग नजरिए से पेश करती हैं, वे अक्सर बहस और विवाद का कारण बन जाती हैं।
गौरतलब है कि पिछले महीने ‘डॉन 3’ से जुड़े विवाद के बाद फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने रणवीर सिंह के खिलाफ असहयोग का निर्देश जारी किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े आर्थिक नुकसान को लेकर यह मामला सामने आया था। हालांकि बाद में विभिन्न फिल्म संगठनों के हस्तक्षेप के बाद यह निर्देश वापस ले लिया गया।
बताया जा रहा है कि ‘डॉन 3’ से रणवीर सिंह के अलग होने के बाद निर्माता पक्ष ने करोड़ों रुपये के नुकसान का दावा किया था। वहीं दूसरी ओर अभिनेता की ओर से भी इस मामले को लेकर अलग पक्ष सामने आया है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणवीर सिंह अपनी फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद लगातार चर्चा में हैं। वहीं कंगना रनौत की नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है, जिसमें वह 26/11 हमले की हीरो नर्स अंजलि कुल्थे की भूमिका निभा रही हैं।
फिलहाल रणवीर और ‘डॉन 3’ विवाद को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और इंडस्ट्री की नजरें इस पूरे मामले के अगले घटनाक्रम पर टिकी हुई हैं।