महादेव का भक्त हूं, ऊपर से पुलिसवाला… शाहरुख की फिल्म में सैफ अली खान का दमदार अंदाज, ‘कर्तव्य’ ट्रेलर रिलीज

KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे की तरह ओटीटी पर भी दमदार वापसी करने जा रहे हैं। उनकी अपकमिंग क्राइम-ड्रामा फिल्म ‘कर्तव्य’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।

7 मई को रिलीज हुआ ‘कर्तव्य’ का ट्रेलर

मेकर्स ने 7 मई को फिल्म ‘कर्तव्य’ का ट्रेलर जारी किया, जिसे दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। ट्रेलर में सैफ अली खान एक ईमानदार और सख्त पुलिस इंस्पेक्टर पवन के किरदार में नजर आ रहे हैं, जो अपने कर्तव्य और निजी जिंदगी के बीच उलझा हुआ है।

फिल्म का निर्देशन पुलकित ने किया है, जिन्होंने इसकी कहानी भी लिखी है। यह फिल्म शाहरुख खान की कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी है, जबकि इसे गौरी खान ने प्रोड्यूस किया है।

दमदार डायलॉग्स और सस्पेंस से भरपूर कहानी

ट्रेलर की शुरुआत ही एक दमदार डायलॉग से होती है, “धर्म करते हैं तो कर्म छूटता है… कर्म करते हैं तो धर्म छूटता है।” इसके बाद कहानी एक ऐसे मोड़ पर पहुंचती है, जहां पवन को एक पत्रकार की सुरक्षा की जिम्मेदारी मिलती है, लेकिन उसी पत्रकार की हत्या हो जाती है। इस घटना के बाद पूरा सिस्टम पवन पर सवाल उठाने लगता है। ट्रेलर में सैफ का एक और दमदार डायलॉग दर्शकों का ध्यान खींचता है, “महादेव का भक्त हूं, ऊपर से पुलिसवाला… मैं भी देखता हूं कि क्या कर लेगा।”

स्टारकास्ट और किरदार

फिल्म में सैफ अली खान के साथ संजय मिश्रा और रसिका दुग्गल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सभी कलाकारों ने ट्रेलर में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।

‘कर्तव्य’ एक क्राइम-ड्रामा फिल्म है, जो 15 मई को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में पुलिस सिस्टम, नैतिकता और व्यक्तिगत संघर्ष की कहानी को गहराई से दिखाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *