मैं उनसे बहुत प्यार करता हूं… अक्षय कुमार को लेकर सैफ अली खान का बड़ा खुलासा, ‘हैवान’ में साथ दिखेगी दमदार जोड़ी

KNEWS DESK – बॉलीवुड के दो बड़े सितारे अक्षय कुमार और सैफ अली खान एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाले हैं। दोनों की नई फिल्म ‘हैवान’ को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। यह एक क्राइम-सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है, जिसमें दोनों कलाकार इस बार बिल्कुल अलग और गंभीर किरदारों में दिखेंगे।

16 साल बाद फिर साथ आएंगे अक्षय और सैफ

अक्षय कुमार और सैफ अली खान इससे पहले कई हिट फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं, जिनमें ‘मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी’, ‘ये दिल्लगी’, ‘तू चोर मैं सिपाही’ और ‘टशन’ जैसी फिल्में शामिल हैं। आखिरी बार दोनों 2008 में ‘टशन’ में नजर आए थे। अब करीब 16 साल बाद उनकी जोड़ी एक बार फिर दर्शकों के सामने लौट रही है।

‘हैवान’ में नजर आएंगे गंभीर किरदारों में

इस बार दोनों का अंदाज पूरी तरह अलग होगा। फिल्म में अक्षय कुमार एक खतरनाक और डरावने विलेन की भूमिका निभाते नजर आएंगे, जबकि सैफ अली खान एक ब्लाइंड म्यूजिक टीचर का किरदार निभा रहे हैं। यह जोड़ी इस बार कॉमेडी या हल्की-फुल्की फिल्मों की बजाय एक डार्क और थ्रिलर कहानी में नजर आएगी।

सैफ ने बताया अक्षय को ‘बड़ा भाई’

हाल ही में एक इंटरव्यू में सैफ अली खान ने अक्षय कुमार के साथ अपने रिश्ते को लेकर दिल छू लेने वाली बात कही। उन्होंने अक्षय को “बड़े भाई जैसा” बताया और कहा कि दोनों के बीच गहरी दोस्ती और मजबूत बॉन्ड है।

फिल्म के डायरेक्टर प्रियदर्शन हैं। सैफ ने बताया कि गंभीर रोल के बावजूद दोनों कलाकार सेट पर काफी मस्ती करते थे, जिसके चलते कई बार डायरेक्टर उन्हें हल्के-फुल्के अंदाज में डांट भी देते थे।

क्या फिर साथ करेंगे कॉमेडी?

सैफ अली खान ने यह भी संकेत दिया कि हालांकि ‘हैवान’ एक सीरियस फिल्म है, लेकिन अगर अच्छी स्क्रिप्ट मिली तो दोनों आगे फिर से कॉमेडी जॉनर में भी साथ काम कर सकते हैं।

फिल्म ‘हैवान’ 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसके अलावा फिल्म में श्रेया पिलगांवकर, सैयामी खेर, मोहनलाल और शारिब हाशमी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *