KNEWS DESK – सुपरस्टार रजनीकांत की मच अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ लंबे समय से सुर्खियों में है। 2023 में आई ‘जेलर’ की जबरदस्त सफलता के बाद अब मेकर्स इसके सीक्वल को बड़े स्तर पर तैयार कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज डेट पहले से 15 अक्टूबर 2026 तय है, लेकिन हाल ही में सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें सामने आईं कि मेकर्स फिल्म के कुछ हिस्सों को दोबारा शूट करना चाहते हैं, जिसके चलते इसकी रिलीज टल सकती है।
अब मेकर्स ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
15 अक्टूबर को ही रिलीज होगी ‘जेलर 2’
फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी सन पिक्चर्स ने 2 सितंबर को सोशल मीडिया पर ‘जेलर 2’ से जुड़ा नया पोस्टर शेयर किया। पोस्टर पर फिल्म की रिलीज डेट 15 अक्टूबर लिखी हुई है।
मेकर्स के इस पोस्ट से साफ संकेत मिल गया है कि फिल्म फिलहाल पोस्टपोन नहीं हो रही है और तय तारीख पर ही सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
‘Alappara Kelappurom’ से दिया इशारा
पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, “15 अक्टूबर Alappara Kelappurom! #Jailer2”।
‘Alappara Kelappurom’ ‘जेलर’ के मशहूर गाने ‘हुकुम’ से जुड़ी लाइन है। इसका भावार्थ हंगामा मचाने से जुड़ा है। यानी मेकर्स अपने इस पोस्ट के जरिए फिल्म की रिलीज को लेकर फैंस को खास अंदाज में उत्साहित करते नजर आए।
https://www.instagram.com/p/Dcxfk6SgGbg/?u
नेल्सन ही कर रहे हैं निर्देशन
‘जेलर 2’ का निर्देशन भी नेल्सन दिलीपकुमार कर रहे हैं। फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर संभाल रहे हैं।
फिल्म को लेकर एक और बड़ी चर्चा बॉलीवुड स्टार ऋतिक रोशन के कैमियो की है। इससे पहले खबरें थीं कि शाहरुख खान फिल्म में कैमियो कर सकते हैं, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने इस ऑफर को ठुकरा दिया।
शाहरुख ने क्यों किया इनकार?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शाहरुख खान फिलहाल अपनी फिल्म ‘किंग’ को लेकर व्यस्त हैं, जो 24 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। बताया जा रहा है कि वह ‘किंग’ से पहले अपना लुक रिवील नहीं करना चाहते और इसी वजह से ‘जेलर 2’ में कैमियो करने से इनकार किया।
शाहरुख के इनकार के बाद ऋतिक रोशन का नाम रजनीकांत की फिल्म से जुड़ा है। हालांकि, ऋतिक के कैमियो को लेकर मेकर्स की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
फिलहाल, सन पिक्चर्स के नए पोस्टर ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि ‘जेलर 2’ की रिलीज डेट में बदलाव नहीं किया गया है और फिल्म 15 अक्टूबर को ही सिनेमाघरों में आने वाली है।