प्रकाश राज को फिल्मों और विज्ञापनों से किया गया बाहर? पत्नी पोनी वर्मा का बड़ा खुलासा

प्रकाश राज के बेबाक राजनीतिक बयानों का उनके करियर पर भी पड़ा असर। पत्नी पोनी वर्मा ने बताया कि सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाने की वजह से अभिनेता को कई फिल्मों और विज्ञापनों से हाथ धोना पड़ा।

Knews Desk – प्रकाश राज भारतीय सिनेमा के उन चुनिंदा अभिनेताओं में से एक हैं, जो सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते हैं। सिस्टम के खिलाफ आवाज उठाने और अपने बेबाक बयानों की वजह से उन्हें कई बार ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ता है। कुछ समय पहले हुए सीजेपी के प्रोटेस्ट में भी उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था और छात्रों का समर्थन करने के लिए खुद जंतर-मंतर पहुंचे थे। अब उनकी पत्नी पोनी वर्मा ने एक हालिया इंटरव्यू में खुलासा किया है कि सिस्टम के खिलाफ सवाल उठाना प्रकाश राज को काफी भारी पड़ा है। उनके हाथ से कई फिल्मों और विज्ञापनों में काम करने के मौके निकल गए, जिसका असर उनके करियर पर भी पड़ा।

पोनी वर्मा ने बताया कि पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या का भी प्रकाश राज पर गहरा असर पड़ा था, क्योंकि दोनों काफी करीबी दोस्त थे। साल 2017 में गौरी लंकेश के निधन ने अभिनेता को पूरी तरह से तोड़ दिया था। पोनी के मुताबिक, गौरी के निधन के बाद प्रकाश राज ने चुप रहना छोड़ दिया और पहले से ज्यादा बेबाक हो गए। इसके बाद से वह लगातार निर्भीक होकर सिस्टम से सवाल उठाते रहे हैं।

पोनी वर्मा ने कहा कि प्रकाश राज एक निडर इंसान हैं और अपने विचारों पर मजबूती से खड़े रहते हैं। उन्होंने बताया कि अभिनेता को तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में कई बार बैन भी किया जा चुका है। हालांकि, वह जिस मुद्दे पर अपना स्टैंड लेते हैं, उससे पीछे नहीं हटते। वह अपनी पेशेवर प्रतिबद्धताओं को भी पूरी ईमानदारी से निभाते हैं।

पोनी ने यह भी खुलासा किया कि कई ऐसी फिल्में रही हैं, जिनमें प्रकाश राज को एडवांस देने के बाद भी उन्हें प्रोजेक्ट से हटा दिया गया। उनके मुताबिक, अभिनेता के राजनीतिक बयानों की वजह से इंडस्ट्री में उनके काम पर काफी असर पड़ा है। इसके बावजूद प्रकाश राज ने अपने करियर में संघर्षों का सामना करते हुए कभी भी अपने नजरिए से समझौता नहीं किया। उन्हें जो सही लगा, वह हमेशा उसके पक्ष में खड़े रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *