KNEWS DESK – रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर फिल्म ‘रामायण’ इस वक्त भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में गिनी जा रही है। निर्देशक नीतेश तिवारी की यह महत्वाकांक्षी फिल्म दिवाली के मौके पर रिलीज होने जा रही है। मेकर्स इसे भारतीय सिनेमा की सबसे भव्य फिल्मों में से एक बता रहे हैं। हाल ही में फिल्म की पहली झलक सामने आई थी, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त चर्चा छेड़ दी। इसी बीच फिल्म से जुड़ा एक और बड़ा खुलासा सामने आया है।
टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता चेतन हंसराज ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में फिल्म ‘रामायण’ को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि वह फिल्म में सिर्फ एक नहीं बल्कि कुल सात अलग-अलग किरदार निभा रहे हैं। इस खुलासे के बाद फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई है।
चेतन हंसराज ने बताया कि फिल्म में उनका एक प्रमुख किरदार राजा माली का है, जिसे रावण के परिवार से जुड़ा एक अहम पात्र माना जाता है। उन्होंने कहा कि यह बेहद शक्तिशाली और दिलचस्प भूमिका है। हालांकि उन्होंने अपने बाकी छह किरदारों के बारे में ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया और कहा कि फिलहाल वह इससे अधिक कुछ नहीं बता सकते।
अभिनेता ने फिल्म की भव्यता की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ में दुनिया के बेहतरीन तकनीकी विशेषज्ञ और कलाकार काम कर रहे हैं। चेतन के मुताबिक, उन्होंने शूटिंग के दौरान जो देखा है, उसे देखकर दर्शक हैरान रह जाएंगे। उनका दावा है कि फिल्म का विजुअल स्केल और प्रस्तुति भारतीय सिनेमा में एक नया मानक स्थापित करेगी।
चेतन हंसराज के बयान के बाद उनके किरदारों को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि उन्होंने राजा माली का जिक्र किया, जबकि पौराणिक कथाओं में रावण के नाना का नाम सुमाली बताया जाता है। रामायण के अनुसार सुमाली, माल्यवान और माली तीन शक्तिशाली राक्षस भाई थे, जिन्होंने विश्वकर्मा से लंका नगरी का निर्माण करवाया था।
पौराणिक कथाओं के मुताबिक, इन राक्षस भाइयों के अत्याचारों से परेशान होकर देवताओं ने भगवान विष्णु से सहायता मांगी थी। इसके बाद विष्णु ने युद्ध में माली का वध कर दिया, जबकि सुमाली पाताल लोक में चला गया। बाद में सुमाली ने अपनी पुत्री कैकसी का विवाह ऋषि विश्रवा से कराया, जिनके पुत्र रावण ने आगे चलकर कुबेर से लंका का राज्य छीन लिया।
माना जा रहा है कि फिल्म की शुरुआत भी रावण के वंश और लंका की कहानी से हो सकती है। हालांकि मेकर्स की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। फिलहाल चेतन हंसराज का सात किरदार निभाने वाला खुलासा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और फैंस फिल्म के अगले अपडेट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।