Knews Desk – कम बजट में बनी ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के बाद धीरे-धीरे दर्शकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत की और अब फिल्म की कमाई 300 करोड़ रुपये के पार पहुंच गई है। फिल्म को दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया का फायदा मिला और इसकी कमाई लगातार बढ़ती गई।
इसी बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने फिल्म की टीम से मुलाकात की। यह मुलाकात उनके आवास वर्षा पर हुई। फडणवीस ने सोशल मीडिया पर मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और पूरी टीम को बधाई दी। टीम गणपति बप्पा का आशीर्वाद लेने के लिए मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची थी।
फिल्म की बॉक्स ऑफिस कहानी भी काफी दिलचस्प रही है। ‘हनुमान अंश’ ने करीब 10 लाख रुपये की कमाई के साथ शुरुआत की थी और पहले दो हफ्तों में फिल्म का कलेक्शन लगभग 1.50 करोड़ रुपये तक ही पहुंचा था। इसके बाद दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया का असर टिकट बिक्री पर दिखाई दिया और फिल्म की कमाई में तेजी आई।
रिपोर्ट के मुताबिक, चौथे हफ्ते से फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर हर सप्ताह 60 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन किया। मौजूदा आंकड़ों के आधार पर ‘हनुमान अंश’ इस साल भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में चौथे स्थान पर बताई जा रही है।
फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी विरासत से जुड़ी बताई जा रही है। फिल्म की बढ़ती कमाई ने इसे इस साल की चर्चित फिल्मों में शामिल कर दिया है।