KNEWS DESK – फेमस कोरियोग्राफर और डायरेक्टर Remo D’Souza का घर जितना शानदार और लग्जरी से भरा है, उतना ही गहरा वहां आध्यात्मिक माहौल भी देखने को मिलता है। उनके घर में हर धर्म के देवी-देवताओं की मौजूदगी है, लेकिन सबसे खास है घर के अंदर बना भव्य शिव मंदिर, जिसे उनकी पत्नी Lizelle D’Souza ने पूरे श्रद्धा भाव से बनवाया है।

लिजेल भले ही कैथोलिक परिवार से आती हैं, लेकिन भगवान शिव के प्रति उनकी आस्था बेहद गहरी है। उन्होंने अपने घर के एक खास कोने में विशाल शिवलिंग स्थापित करवाया है। खास बात यह है कि इस मंदिर में एक बड़े शिवलिंग के साथ दुनिया का सबसे छोटा शिवलिंग भी मौजूद है, जिसकी झलक उन्होंने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान दिखाई।

Curly Tales से बातचीत में लिजेल ने बताया कि घर का बाकी इंटीरियर बाद में डिजाइन किया गया, लेकिन सबसे पहले शिव मंदिर बनाया गया था। उन्होंने कहा, “हमने पहले मंदिर बनवाया, उसके बाद पूरा घर डिजाइन किया। पिछले 25 सालों से मैं गणपति स्थापना कर रही हूं और हर शनिवार मंदिर जाकर जलाभिषेक भी करती थी।”

लिजेल ने अपने पुराने घर का एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि पहले जब वह मंदिर में जलाभिषेक करने जाती थीं, तो वहां बहुत भीड़ होती थी। कई लोग एक साथ पूजा करते थे और उनके जाते ही चढ़ाए गए फूल हटा दिए जाते थे, जिससे उन्हें अच्छा नहीं लगता था।

इसी वजह से उन्होंने और रेमो ने तय किया कि नए घर में सबसे पहले अपना निजी शिव मंदिर बनाया जाए, जहां शांति और सुकून से पूजा की जा सके। उन्होंने बताया कि जब मंदिर बनकर तैयार हुआ, तब आसपास काफी पेड़-पौधे थे।

पहले जलाभिषेक के बाद लिजेल घर लौट गईं और जाते समय किसी से मंदिर के आसपास सफाई करने के लिए कहा। लेकिन उसी शाम उन्हें एक फोन आया कि मंदिर के पास एक सांप दिखाई दिया है। यह सुनकर सभी घबरा गए और सपेरे को बुलाना पड़ा।

लिजेल और रेमो का मानना है कि यह कोई साधारण घटना नहीं थी। उन्होंने कहा कि तभी उन्हें महसूस हुआ कि इस जगह में कुछ खास ऊर्जा है। लिजेल ने बताया, “हमें लगा कि महादेव खुद हमें इस जगह तक लेकर आए हैं। यहां की पावर ही अलग है।”