आयुष्मान खुराना की ‘पति पत्नी और वो’ बॉक्स ऑफिस पर पड़ी धीमी, साउथ फिल्मों के तूफान में फीका पड़ा बॉलीवुड

KNEWS DESK – Ayushmann Khurrana की नई फिल्म Pati Patni Aur Woh 2 को रिलीज हुए 6 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार उम्मीद के मुताबिक नजर नहीं आ रही है। जिस तरह से फिल्म को लेकर बज बना था और फैन्स को इससे बड़ी उम्मीदें थीं, उसके मुकाबले कमाई काफी धीमी दिखाई दे रही है।

‘पति पत्नी और वो’ फ्रेंचाइजी पहले ही दर्शकों के बीच अपनी जगह बना चुकी है। साल 2019 में आई Kartik Aaryan की फिल्म को लोगों ने काफी पसंद किया था और बॉक्स ऑफिस पर भी उसने शानदार कमाई की थी। लेकिन इस बार आयुष्मान खुराना की फिल्म वैसा जादू चलाने में कामयाब होती नजर नहीं आ रही।

फिल्म ने रिलीज के पहले दिन 4 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। शुरुआती वीकेंड तक इसकी कमाई ठीक-ठाक रही, लेकिन वीकडेज में फिल्म की रफ्तार धीमी पड़ती गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज के छठे दिन फिल्म ने करीब 2.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसी के साथ भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 27 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।

अगर ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने अब तक घरेलू बॉक्स ऑफिस पर करीब 32.07 करोड़ रुपये का बिजनेस किया है। वहीं ओवरसीज मार्केट से भी फिल्म को कुछ सपोर्ट मिला है। विदेशों में फिल्म का कलेक्शन करीब 5.35 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस तरह फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई लगभग 37.42 करोड़ रुपये पहुंच चुकी है।

हालांकि ये आंकड़े पूरी तरह खराब नहीं कहे जा सकते, लेकिन जिस स्तर की उम्मीदें इस फिल्म से थीं, उसके मुकाबले इसे मजबूत प्रदर्शन नहीं माना जा रहा। खासकर आयुष्मान खुराना की पिछली कॉमर्शियल फिल्मों के रिकॉर्ड को देखते हुए बॉक्स ऑफिस पर इससे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी।

तुलना अगर साल 2019 में आई कार्तिक आर्यन की ‘पति पत्नी और वो’ से करें, तो उस फिल्म ने रिलीज के सिर्फ 6 दिनों में भारत में करीब 50.97 करोड़ रुपये की कमाई कर ली थी। वहीं आयुष्मान खुराना की फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी अभी 40 करोड़ रुपये तक नहीं पहुंच पाया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘पति पत्नी और वो 2’ का बजट करीब 50 से 60 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में फिल्म को अभी अपने बजट तक पहुंचने के लिए भी लंबा सफर तय करना होगा। आने वाले दिनों में अगर फिल्म की कमाई में तेजी नहीं आई, तो बॉक्स ऑफिस पर इसका संघर्ष और बढ़ सकता है।