आलिया भट्ट की ‘ऐल्फा’ ने सेंसर बोर्ड की परीक्षा पास की, मिला UA 16+ सर्टिफिकेट

KNEWS DESK – आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर स्टारर फिल्म ‘ऐल्फा’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से मंजूरी मिल गई है। सेंसर बोर्ड ने इस फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट दिया है, जिसके बाद यह 3 जुलाई को बड़े पर्दे पर रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है।

यह फिल्म यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड स्पाई फिल्म मानी जा रही है, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ दमदार एक्शन अवतार में नजर आने वाली हैं। ट्रेलर में दोनों की एक्शन झलक पहले ही दर्शकों का ध्यान खींच चुकी है।

140 मिनट की होगी फिल्म

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘ऐल्फा’ का रनटाइम 140 मिनट (2 घंटे 20 मिनट) तय किया गया है। हालांकि, फिल्म में सेंसर बोर्ड की ओर से कितने कट लगाए गए हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।

फिल्म के सर्टिफिकेट की जानकारी सोशल मीडिया पर सामने आई है और टीम ने भी पुष्टि की है कि ‘ऐल्फा’ को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिल चुकी है।

बदले की कहानी और रहस्यों से भरा सफर

CBFC के अनुसार, फिल्म की कहानी एक ऐसी लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है जो बदले की आग में जलती हुई अपने रास्ते में आने वाले हर शख्स को सबक सिखाती है। लेकिन इसी सफर में उसकी जिंदगी से जुड़े कई ऐसे राज सामने आते हैं, जो उसकी पूरी दुनिया बदल देते हैं। वह अपने मिशन को पूरा करने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहती है।

यशराज स्पाई यूनिवर्स का विस्तार

‘ऐल्फा’ यशराज फिल्म्स स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म और चौथी स्टैंडअलोन प्रोजेक्ट है। इससे पहले इस यूनिवर्स में ‘एक था टाइगर’, ‘टाइगर जिंदा है’, ‘टाइगर 3’, ‘वॉर’, ‘वॉर 2’ और ‘पठान’ जैसी बड़ी फिल्में शामिल रही हैं।

इस यूनिवर्स में पहले से ही सलमान खान, शाहरुख खान और ऋतिक रोशन जैसे सुपरस्टार्स अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं। अब आलिया भट्ट इस फ्रेंचाइजी में नई फीमेल स्पाई के रूप में एंट्री कर रही हैं।

हाल के समय में यशराज फिल्म्स की कुछ बड़ी फिल्मों, जैसे ‘टाइगर 3’ और ‘वॉर 2’, से उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं मिला था। ऐसे में ‘ऐल्फा’ से मेकर्स को काफी उम्मीदें हैं।