KNEWS DESK – साउथ सिनेमा के मेगा पावर स्टार राम चरण और बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘पेद्दी’ इन दिनों जबरदस्त चर्चा में बनी हुई है। फिल्म का ट्रेलर हाल ही में मुंबई में आयोजित एक भव्य इवेंट में लॉन्च किया गया, जहां स्टारकास्ट ने अपनी मौजूदगी से महफिल लूट ली। खासतौर पर जाह्नवी कपूर ने अपने किरदार, एक्टिंग और फिल्म के निर्देशक बुच्ची बाबू सना को लेकर ऐसे खुलासे किए, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान जाह्नवी कपूर काफी मस्तीभरे अंदाज में नजर आईं। जब उनसे फिल्म में उनके अभिनय को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि फिल्म में उन्होंने जो कुछ भी किया है, उसका पूरा श्रेय निर्देशक बुच्ची बाबू सना को जाता है। जाह्नवी ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर दर्शकों को उनकी एक्टिंग पसंद आए या न आए, दोनों ही स्थिति में जिम्मेदार सिर्फ निर्देशक ही होंगे। उनके इस जवाब पर इवेंट में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
https://www.instagram.com/p/DXEyw-tCCW7/?
फिल्म ‘पेद्दी’ में जाह्नवी कपूर ‘अचियम्मा’ नाम का किरदार निभा रही हैं। अपने रोल को लेकर उन्होंने बताया कि यह उनके करियर का सबसे अलग और रंगीन किरदार है। जाह्नवी ने कहा कि निर्देशक सेट पर उन्हें बेहद अतरंगी और हटके निर्देश देते थे। कभी उनके बोलने के अंदाज पर काम कराया जाता था, तो कभी बॉडी लैंग्वेज और एक्सप्रेशन पर। उन्होंने कहा कि इस किरदार का स्वभाव और तेवर इतना अलग है कि इसे निभाना उनके लिए एक नया अनुभव रहा।
https://www.instagram.com/reels/DVa0OCrEiB7/
इवेंट के दौरान जाह्नवी कपूर ने निर्देशक बुच्ची बाबू सना के साथ अपनी बॉन्डिंग पर भी खुलकर बात की। उन्होंने हंसते हुए कहा कि निर्देशक दिखने में बेहद शांत और मासूम लगते हैं, लेकिन असल जिंदगी में वो काफी ‘राउडी’ हैं। जाह्नवी ने बताया कि पिछले दो सालों में दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गई है और अब हालत यह है कि वह रोज उनसे फिजूल की बातें करने के लिए फोन कर लेती हैं।
राम चरण के साथ अपनी ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को लेकर भी जाह्नवी काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना हमेशा से उनके लिए घर जैसा रहा है। साथ ही उन्होंने बताया कि राम चरण के साथ काम करना उनके लिए किसी “कॉस्मिक कनेक्शन” जैसा है। दरअसल, जाह्नवी की मां और दिवंगत सुपरस्टार श्रीदेवी ने राम चरण के पिता और मेगास्टार चिरंजीवी के साथ कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था। ऐसे में दर्शक लंबे समय से इस नई जोड़ी को बड़े पर्दे पर देखने का इंतजार कर रहे थे।
जाह्नवी ने राम चरण की तारीफ करते हुए कहा कि वह सिर्फ एक बड़े स्टार ही नहीं, बल्कि बेहद शानदार इंसान भी हैं। उनके मुताबिक, राम चरण के साथ काम करने का अनुभव बेहद खूबसूरत रहा और फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला।
बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म 4 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में राम चरण और जाह्नवी कपूर के अलावा दिव्येंदु शर्मा, शिवा राजकुमार और जगपति बाबू जैसे दिग्गज कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। अब देखना दिलचस्प होगा कि जाह्नवी कपूर का यह नया और अतरंगी अवतार दर्शकों को कितना पसंद आता है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर क्या धमाल मचाती है।