डिजिटल डेस्क- इंग्लैंड की धरती पर होने जा रहे महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। पिछले साल पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय टीम एक बार फिर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में मैदान पर उतरेगी। भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद है कि वनडे वर्ल्ड कप की सफलता के बाद टीम इंडिया अब अपना पहला T20 वर्ल्ड कप खिताब जीतकर ‘डबल’ धमाका करेगी।
सेलेक्शन कमेटी का बड़ा फैसला: यस्तिका की वापसी और नंदनी का डेब्यू
शनिवार, 2 मई को बीसीसीआई मुख्यालय में सीनियर महिला चयन समिति की बैठक हुई, जिसकी अध्यक्षता मुख्य चयनकर्ता अमिता शर्मा ने की। इस बैठक में कप्तान हरमनप्रीत कौर और कोच अमोल मुजूमदार की मौजूदगी में टीम पर अंतिम मुहर लगाई गई। इस स्क्वॉड का सबसे चौंकाने वाला और सुखद पहलू युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज यस्तिका भाटिया की वापसी है। यस्तिका लगभग दो साल से चोट और फॉर्म के चलते टीम से बाहर चल रही थीं, लेकिन चयनकर्ताओं ने उनकी काबिलियत पर भरोसा जताया है। वहीं, गेंदबाजी विभाग में नंदनी शर्मा के रूप में एक नया चेहरा सामने आया है। WPL 2026 में अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से प्रभावित करने वाली इस युवा पेसर को पहली बार नेशनल टीम में जगह मिली है।
इन दिग्गजों को नहीं मिली जगह
हैरानी की बात यह है कि वनडे वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करने वाली स्टार ओपनर प्रतिका रावल को T20 फॉर्मेट के इस स्क्वॉड में जगह नहीं मिल पाई है। चयनकर्ताओं ने फॉर्मेट की जरूरत को देखते हुए कुछ कड़े फैसले लिए हैं, जिसके चलते स्नेह राणा, अमनजोत कौर और हरलीन देओल जैसी अनुभवी खिलाड़ियों को बाहर रहना पड़ा है। महिला T20 वर्ल्ड कप का आगाज 12 जून 2026 से इंग्लैंड में होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ महामुकाबले से करेगी। वर्ल्ड कप से ठीक पहले, यही 15 सदस्यीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैचों की T20 सीरीज भी खेलेगी, जिसे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
ये खिलाड़ी खेलेंगी टूर्नामेंट
हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, भारती फूलमाली, यस्तिका भाटिया (विकेटकीपर), नंदनी शर्मा और राधा यादव।