मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि की षष्ठी तिथि पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। मां कात्यायनी को नारीशक्ति के साहस, संकल्प और पराक्रम का प्रतीक बताते हुए उन्होंने प्रदेश में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन का जिक्र किया। सीएम योगी ने कहा कि ‘पदक लाओ, पद पाओ’ योजना के तहत खिलाड़ियों की सीधी भर्ती की जा रही है। उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति पर निशाना साधते हुए प्रदेश में आए बदलावों को भी रेखांकित किया।
Knews Desk – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर शारदीय नवरात्रि की षष्ठी तिथि की बधाई दी। उन्होंने कहा कि समस्त बाधाओं और आसुरी प्रवृत्तियों का संहार करने वाली मां कात्यायनी नारीशक्ति के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और अजेय पराक्रम का प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने आस्था, विकास और विरासत के जरिए प्रदेश में आए बदलावों का उल्लेख करते हुए खेल के क्षेत्र में बेटियों को मिल रहे अवसरों की जानकारी दी।
सीएम योगी ने पिछली सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में भय और अराजकता का माहौल था। उस समय बेटियों के सपनों पर पहरे थे, हौसलों पर बंदिशें थीं और प्रतिभाओं को अवसरों के अभाव में संघर्ष करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान माफिया के कब्जे में थे और संसाधनों की कमी थी। बेटियों के सपनों को पंख देने के बजाय उन्हें चारदीवारी में कैद कर दिया गया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में बदलाव की नई गाथा लिखी गई है। उनके मुताबिक, भय की जगह सुरक्षा, उपेक्षा की जगह प्रोत्साहन और संसाधनों के अभाव की जगह खेल सुविधाओं के विस्तार ने ली है।
उन्होंने बताया कि गांवों में खेल के मैदानों और ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम से लेकर जिला स्तरीय स्टेडियम, मंडल स्तरीय स्पोर्ट्स कॉलेज और मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय तक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इससे बेटियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को लाखों-करोड़ों रुपये के पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही ‘पदक लाओ, पद पाओ’ के तहत खिलाड़ियों की सीधी भर्ती की व्यवस्था भी की गई है। सरकार खिलाड़ियों की प्रतिभा को प्रोत्साहन देने, उनकी उपलब्धियों को सम्मानित करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली खिलाड़ियों की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने एथलेटिक्स में पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी, प्राची चौधरी और अन्नू रानी, जूडो में अस्मिता डे, क्रिकेट में दीप्ति शर्मा और मेघना सिंह, हॉकी में वंदना कटारिया तथा कुश्ती में दिव्या काकरान के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है।