जंतर-मंतर पर महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, अखिलेश यादव बोले- ‘ये है भाजपाई नारी वंदन का सच’

knews desk – दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को CJP के प्रदर्शन के दौरान हंगामे और कथित मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। एक वीडियो में कुछ लोग एक महिला को पीटते नजर आए। इस मामले को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की राजधानी शर्म से पानी-पानी हो गई। वहीं, राहुल गांधी ने भी प्रदर्शनकारियों के साथ हुई कार्रवाई को लेकर सरकार पर हमला बोला और युवाओं को न्याय मिलने की बात कही।

शनिवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचने की कोशिश की, जबकि पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी थी। इस दौरान कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए। इनमें से एक वीडियो में कुछ लोगों को एक महिला के साथ मारपीट करते देखा गया। इसी वीडियो को साझा करते हुए अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “देश की राजधानी, शर्म से हुई पानी-पानी! ये है भाजपाई नारी वंदन का सच निंदनीय!”

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “मेरी बात याद रखिएगा। जो मैं कह रहा हूं उसे याद रखें, आप देखेंगे। ज्ञानेश कुमार, अमित शाह ने इस देश में लोकतंत्र को खत्म कर दिया है, इस देश की आत्मा और दिल पर हमला किया है। और विपक्ष तथा इस देश के युवाओं को न्याय मिलेगा। मेरी बात याद रखिएगा। जो मैं कह रहा हूं उसे याद रखें, आप देखेंगे कि जिन युवाओं पर हमला हुआ, इस देश के युवाओं को दिल्ली में और पूरे विपक्ष को न्याय मिलेगा।”

जयराम रमेश ने NTA को लेकर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी युवाओं के विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि फिलहाल खबरों में ज्ञानेश कुमार छाए हुए हैं, लेकिन तीन महीने पहले NTA के चलते ही युवाओं के विरोध आंदोलन की शुरुआत हुई थी। उन्होंने बताया कि शिक्षा से जुड़ी संसद की स्थायी समिति की रिपोर्ट के आधार पर NTA को लेकर कांग्रेस का बयान आया है और यह रिपोर्ट हाल ही में राज्यसभा के सभापति को सौंपी गई है।

11 अक्टूबर को भी प्रदर्शन का आह्वान

बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद CJP ने रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली में एक बार फिर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। प्रदर्शनकारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

युवा और छात्र संगठनों के नेताओं ने अपनी मांगें पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने का संकल्प लिया है। वहीं, दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो और राजनीतिक नेताओं की प्रतिक्रियाओं के बाद यह मामला चर्चा में बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *