अयोध्या से चुनाव लड़ने की योगी की चुनौती पर अखिलेश का पलटवार, बोले- ‘पहले अपनी टिकट पक्की करा लें’

knews desk – उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल चुनावी तैयारियों में जुटे हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी। इस पर अखिलेश यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पहले अपनी टिकट पक्की कराकर आएं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या योगी आदित्यनाथ किसी को टिकट दिलवा सकते हैं, जबकि उन्हें खुद टिकट के लिए भटकना पड़ता है।

रविवार को अखिलेश यादव लोकनायक जयप्रकाश के म्यूजियम पहुंचे। यहां उन्होंने लोकनायक जयप्रकाश नारायण के सामाजिक और राजनीतिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि समाज के लिए जयप्रकाश नारायण के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। अखिलेश यादव ने कहा कि आज यहां आने का मौका मिला है और ऐसा लगता है कि यह बदलाव की शुरुआत है।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और महात्मा गांधी के साथ काम किया। उन्होंने समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाया और समाज में सुधार के लिए अपना पूरा जीवन लगा दिया। उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण के आंदोलन ने उस समय की सरकार को हिलाने का काम किया था। उनका संपूर्ण क्रांति का आंदोलन आज भी प्रासंगिक है।

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार किसी स्वतंत्रता सेनानी या समाज सुधारक का सम्मान नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि सरकार सब कुछ बेचना चाहती है और उसके लोग स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान नहीं कर सकते, क्योंकि वे आजादी के आंदोलन में साथ नहीं थे।

सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार हर चीज से मुनाफा कमाना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत रत्न जयप्रकाश नारायण की याद में बनाए गए स्मारक को भी सरकार ने बेच दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने इस स्थान को पैसों के बोझ तले दबा दिया है। उनके मुताबिक, बीजेपी के लिए विचारों से ज्यादा पैसा महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पैसे की खनक के आगे इन्होंने विचार को बेच दिया।

अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोग जनता को पीड़ा दे रहे हैं और अब उनके जाने के दिन आ गए हैं। उन्होंने कहा, “जितनी पीड़ा देंगे उतना PDA बढ़ेगा।” उन्होंने इसे 2027 के बदलाव से जोड़ते हुए दावा किया कि बीजेपी 2024 में हारी थी और जनता 2027 में भी उसे हराने का काम करेगी।

अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग मिलकर संकल्प लेते हैं कि जयप्रकाश नारायण ने संपूर्ण क्रांति का जो रास्ता दिखाया था, उस पर चलकर समाज और देश को बनाने का काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *