Knews Desk – नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने गोल्फ कार्ट से एक्सपो परिसर का दौरा किया और अलग-अलग स्टॉल पर पहुंचकर उत्तर प्रदेश के उत्पादों और प्रदर्शित किए गए सामान की जानकारी ली।
अमित शाह के कार्यक्रम स्थल पहुंचने के कार्यक्रम में अचानक बदलाव भी किया गया। पहले उन्हें हेलीकॉप्टर से एक्सपो मार्ट पहुंचना था, लेकिन बाद में वह सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद उन्होंने अधिकारियों से आयोजन की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
चार दिवसीय ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के उत्पादों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जा रहा है। ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ की थीम के तहत प्रदेश के 75 जिलों के उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। इस बार वियतनाम, जापान, सिंगापुर, रूस, ऑस्ट्रिया और बेलारूस को पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल किया गया है।
ट्रेड शो में 88 देशों के 600 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और प्रतिनिधियों के हिस्सा लेने की जानकारी दी गई है। आयोजन के दौरान अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें लखनऊ की लोक गायिका मालविका हरिओम, मथुरा की लोक नृत्य कलाकार सीमा मोरवाल, लखनऊ की आकांक्षा श्रीवास्तव के कथक कार्यक्रम और मुंबई की आकांक्षा त्रिपाठी के भजन शामिल हैं।
ट्रेड शो में बड़ी संख्या में एनसीआर से लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। लोगों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने भी विशेष व्यवस्था की है। शनिवार को मेट्रो करीब साढ़े सात मिनट और रविवार को 10 मिनट के अंतराल पर चलाने का फैसला किया गया है।
आयोजन में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक का समय बिजनेस विजिटर्स के लिए रखा गया है, जबकि दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक आम जनता के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। ट्रेड शो 29 सितंबर तक चलेगा।