Knews Desk– उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी अपने संगठन को और मजबूत करने की तैयारी में है। पार्टी जल्द ही महिला, किसान, ओबीसी, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चों की नई प्रदेश टीमों की घोषणा कर सकती है। बताया जा रहा है कि इन पांचों मोर्चों ने अपनी संभावित टीमों की सूची प्रदेश नेतृत्व को सौंप दी है। अंतिम मंजूरी के बाद नामों का ऐलान किया जा सकता है।
हर मोर्चे की प्रदेश टीम में करीब 30 पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें तीन महामंत्री, 10 उपाध्यक्ष और 10 मंत्री के अलावा अन्य पदाधिकारी होंगे। नई टीम के गठन में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन के साथ नए चेहरों को मौका देने पर भी जोर दिया जा रहा है।
फिलहाल ओबीसी मोर्चे की जिम्मेदारी प्रकाश पाल, महिला मोर्चे की सरोज कुशवाहा, किसान मोर्चे की देवेंद्र चौधरी, अनुसूचित जाति मोर्चे की अशोक रावत और अनुसूचित जनजाति मोर्चे की विद्याभूषण गोंड के पास है। नई प्रदेश टीमें इन्हीं अध्यक्षों के नेतृत्व में काम करेंगी।
वहीं, बीजेपी युवा मोर्चा की नई प्रदेश इकाई के गठन में अभी थोड़ा और समय लग सकता है। सेवा संकल्प अभियान और वाराणसी से वडनगर की यात्रा के चलते युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी व्यस्त हैं। ऐसे में इसकी नई टीम पितृपक्ष के बाद घोषित होने की संभावना है। अल्पसंख्यक मोर्चे को लेकर भी पहले प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा और उसके बाद टीम के गठन की संभावना जताई जा रही है।
बीजेपी की प्राथमिकता फिलहाल पांच प्रमुख मोर्चों की प्रदेश टीमों को अंतिम रूप देना है। नई टीमों के गठन के बाद पदाधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं। पार्टी विधानसभा चुनाव से पहले बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की दिशा में काम कर रही है।