तमिलनाडु में TVK की बंपर बढ़त, विजय के घर डांस-गानों के साथ जश्न, मां बोलीं – ‘मैं बहुत खुश हूं’

KNEWS DESK – तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 में Thalapathy Vijay की पार्टी Tamilaga Vettri Kazhagam (TVK) ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसने पूरे राज्य की राजनीति का समीकरण बदल दिया है। शुरुआती रुझानों में TVK लगातार 110 से अधिक सीटों पर बढ़त बनाए हुए है और उसने सत्तारूढ़ DMK और AIADMK दोनों को पीछे छोड़ दिया है।

राज्य की 234 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में मुख्य मुकाबला DMK और AIADMK के बीच माना जा रहा था, लेकिन फिल्मी दुनिया के सुपरस्टार से नेता बने विजय ने अपनी नवगठित पार्टी के दम पर सभी राजनीतिक समीकरण बदल दिए। चुनावी रैलियों में उमड़ी भारी भीड़ अब वोटों में भी बदलती नजर आ रही है।

TVK की इस शानदार बढ़त के बाद सिर्फ पार्टी समर्थकों में ही नहीं, बल्कि विजय के परिवार में भी जश्न का माहौल है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो और तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें परिवार के सदस्य खुशी से झूमते और जश्न मनाते दिखाई दे रहे हैं।

विजय की मां Shoba Chandrasekhar भी इस मौके पर बेहद भावुक नजर आईं। वीडियो में वह तालियां बजाती और परिवार के साथ जश्न मनाती दिखीं। परिवार की महिलाओं ने तमिल गीत गाकर इस ऐतिहासिक पल को सेलिब्रेट किया। विजय की मां शोभा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह TVK के प्रदर्शन से बेहद खुश हैं।

वहीं विजय के पिता S. A. Chandrasekhar ने भी बेटे की सफलता पर गर्व जताया। उन्होंने कहा कि शोभा सिर्फ विजय की मां ही नहीं, बल्कि उनकी सबसे बड़ी प्रशंसक भी हैं। परिवार का मानना है कि विजय तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव ला सकते हैं।

विजय की चचेरी बहन ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि विजय एक युवा, ऊर्जावान और दूरदर्शी नेता हैं, जिनसे पूरे तमिलनाडु को बड़े बदलाव की उम्मीद है। उन्होंने कहा, “लोगों ने विजय पर भरोसा किया है और हमें पूरा विश्वास है कि वह अपने हर वादे को पूरा करेंगे। यह सिर्फ जीत नहीं, एक नई शुरुआत है।”

इधर चेन्नई स्थित TVK मुख्यालय के बाहर भी कार्यकर्ताओं का भारी जमावड़ा देखने को मिला। समर्थकों ने मिठाइयां बांटी, ढोल-नगाड़ों पर नाचते हुए जश्न मनाया और “विजय अगले मुख्यमंत्री होंगे” के नारे लगाए।

एक समर्थक ने कहा, “यह सिर्फ चुनावी बढ़त नहीं, बल्कि बदलाव की सुनामी है। हमें 130 से ज्यादा सीटों की उम्मीद है। विजय तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री बनेंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *