अटल जी की 8वीं पुण्यतिथि आज, PM मोदी समेत दिग्गजों ने ‘सदैव अटल’ पहुंचकर किया नमन

KNEWS DESK- पूर्व प्रधानमंत्री और भारतीय राजनीति के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर रविवार को पूरा देश उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ याद कर रहा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश के कई बड़े नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने दिल्ली स्थित अटल जी के स्मारक ‘सदैव अटल’ पहुंचकर उन्हें पुष्पांजलि दी और उनके देश के प्रति योगदान को याद किया।

अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर आयोजित प्रार्थना सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश के लिए उनके योगदान को याद किया।

पीएम मोदी ने अटल जी को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी पुण्यतिथि पर नमन किया। पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी असाधारण राजनेता थे और उनके पास दूरदर्शी सोच थी। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। पीएम मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों, शब्दों और प्रयासों ने देश की कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनके नेतृत्व ने भारत को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि सुशासन और जनकल्याण के प्रति अटल जी की प्रतिबद्धता हमेशा देश का मार्गदर्शन करती रहेगी।

अटल बिहारी वाजपेयी अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व शैली और राजनीतिक दूरदर्शिता के लिए जाने जाते थे। उन्होंने भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान बनाई और अलग-अलग विचारधाराओं के नेताओं के साथ संवाद और समन्वय की राजनीति को आगे बढ़ाया। उनके व्यक्तित्व को राजनीति से ऊपर उठकर सम्मान दिया जाता रहा है।

वेंकैया नायडू ने भी दी श्रद्धांजलि

पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए उनके कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश का नेतृत्व बेहद प्रभावी तरीके से किया और गरीबों के उत्थान के लिए भी कई महत्वपूर्ण काम किए।

बीजेपी नेता शाहनवाज हुसैन ने भी अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि अटल जी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे लोगों के दिलों में बसे हुए हैं और सभी को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। उन्होंने अटल जी को देश की एकता का प्रतीक बताया।

तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी

अटल बिहारी वाजपेयी देश के तीन बार प्रधानमंत्री रहे। पहली बार उन्होंने वर्ष 1996 में प्रधानमंत्री पद संभाला था, हालांकि उस समय उनकी सरकार महज 13 दिनों तक चली। इसके बाद उन्होंने 1998 और 1999 में भी प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया।

उनके प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान भारत ने कई महत्वपूर्ण फैसले और उपलब्धियां हासिल कीं। अटल जी ने देश की सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास को लेकर कई अहम पहल कीं। उनकी सरकार के समय देश में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

16 अगस्त 2018 को हुआ था निधन

अटल बिहारी वाजपेयी का निधन 16 अगस्त 2018 को नई दिल्ली स्थित एम्स में हुआ था। उन्होंने 93 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली थी। उनके निधन से भारतीय राजनीति के एक युग का अंत माना गया था। हर साल उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाती है। राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम लोग अटल जी को याद करते हैं। उनके भाषण, कविताएं, विचार और सार्वजनिक जीवन में उनकी सादगी आज भी लोगों को प्रेरणा देती है।

अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनकी आठवीं पुण्यतिथि पर देश ने एक बार फिर उन्हें नमन किया और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को स्मरण किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *