गाजियाबाद चौकी धमाके में आतंकी एंगल की जांच, तहरीक-उल-मुजाहिदीन ने ली जिम्मेदारी

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए संदिग्ध धमाके के मामले में आतंकी एंगल की भी जांच शुरू हो गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘गाजी 2’ नाम के एक अकाउंट से धमाके की जिम्मेदारी प्रतिबंधित संगठन तहरीक-उल-मुजाहिदीन की ओर से लेने का दावा किया गया है। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही हैं।

Knews Desk- सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट में दावा किया गया कि वसुंधरा पुलिस चौकी को निशाना बनाने के पीछे तहरीक-उल-मुजाहिदीन का हाथ है। पोस्ट सामने आने के बाद गाजियाबाद पुलिस, साइबर सेल और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। जांच की जा रही है कि यह पोस्ट किसी शरारत या अफवाह का हिस्सा है या इसके पीछे कोई साजिश है।

शुक्रवार रात करीब 10 बजे चौकी के भीतर तेज धमाका हुआ था। धमाके से चौकी की खिड़कियां, दरवाजे और एसी क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना के समय वहां मौजूद एक सब-इंस्पेक्टर और खाना डिलीवर करने पहुंचे 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल घायल हुए। कांच के टुकड़े लगने से घायल विशाल को दिल्ली के सूर्य नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ACP सूर्यबलि मौर्य के अनुसार, धमाका किस वस्तु या सामग्री के कारण हुआ, इसका पता विस्तृत फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही चलेगा। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने जुटाए हैं। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। आतंकी संगठन के दावे वाली सोशल मीडिया पोस्ट की साइबर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *