PM मोदी से मिले सूर्यकुमार यादव का परिवार, नन्ही बेटी को गोद में लेकर दुलारते दिखे

दिवाली से पहले पूर्व भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अपने परिवार के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात पीएम आवास पर हुई, जहां सूर्यकुमार यादव के साथ उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और बेटी रिद्धिमा भी मौजूद रहीं। मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने सूर्यकुमार यादव की बेटी को गोद में लेकर दुलार किया। वहीं, परिवार के साथ आई एक बच्ची ने प्रधानमंत्री को भजन भी सुनाया।

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस मुलाकात का एक वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया है। वीडियो में पीएम मोदी सूर्यकुमार यादव, उनकी पत्नी देविशा शेट्टी और उनके साथ आए बच्चों से मिलते और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में परिवार के साथ आई एक नन्ही बच्ची को प्रधानमंत्री के सामने भजन सुनाते हुए देखा जा सकता है। पीएम मोदी बच्ची का भजन मंत्रमुग्ध होकर सुनते नजर आए। इस दौरान सूर्यकुमार यादव भी भजन का आनंद लेते दिखे। वीडियो में सूर्यकुमार यादव की मई में जन्मी बेटी रिद्धिमा की भी झलक मिली, जिसे प्रधानमंत्री पुचकारते और गोद में लेकर दुलारते नजर आए।

इस मुलाकात का वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कैप्शन में लिखा, “दिवाली के माहौल में राम और सरयू का आगमन हुआ है। इससे दिवाली का माहौल और भी पवित्र और दिव्य हो गया है।”

मुलाकात का सबसे दिल छू लेने वाला पल तब देखने को मिला, जब सूर्यकुमार यादव के साथ आई परिवार की एक बच्ची ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भजन सुनाया। पीएम मोदी पूरे जोश और मंत्रमुग्ध होकर बच्ची का भजन सुनते नजर आए। सूर्यकुमार यादव भी इस खास पल का आनंद लेते दिखाई दिए।

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता था। यह पहला मौका था, जब किसी टीम ने अपने घर में टी20 विश्व कप जीता था। हालांकि, बतौर कप्तान विश्व कप जीतने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को उनकी निजी खराब फॉर्म के कारण अगली सीरीज से ड्रॉप कर दिया गया। अब सूर्या घरेलू क्रिकेट खेलकर भारतीय टीम में वापसी की कोशिश कर रहे हैं।

पूर्व भारतीय कप्तान को घरेलू क्रिकेट की प्रतिष्ठित सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मुंबई टीम का कप्तान बनाया गया है। टी20 फॉर्मेट में कभी दुनिया के नंबर 1 बल्लेबाज रहे सूर्यकुमार यादव ने भारतीय टीम के लिए 113 टी20 मैचों में 4 शतक और 25 अर्धशतक लगाते हुए 3,272 रन बनाए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *