Knews Desk– दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। 3 नवंबर से बिहार के 15 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए जाएंगे। इनमें रोजाना करीब 1 लाख यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था होगी।
त्योहारों के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल और पाटलिपुत्र जंक्शन पर 10-10 हजार यात्रियों के लिए जगह तैयार की जाएगी। इन होल्डिंग एरिया में यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन स्टेटस बोर्ड, लाउडस्पीकर, शुद्ध पेयजल, बैठने के लिए कुर्सियां और मेडिकल बूथ जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी मिलने के साथ इंतजार के दौरान जरूरी सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
पूर्व मध्य रेलवे की यह व्यवस्था त्योहारों के दौरान भीड़ कम होने तक जारी रहेगी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने और स्थिति की निगरानी के लिए रेलवे का विशेष वॉर रूम 24 घंटे काम करेगा।