पंजाब में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर दूसरी बार धमाका, आतंकी साजिश की आशंका तेज, SSP बोले- जल्द होगा खुलासा

KNEWS DESK- पंजाब में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। Patiala जिले में राजपुरा और शंभू रेलवे स्टेशनों के बीच देर रात हुए धमाके ने सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। यह पिछले चार महीनों में दूसरी ऐसी घटना है, जिसने इस अहम रेल परियोजना को निशाने पर होने की आशंका बढ़ा दी है।

पुलिस के अनुसार, यह धमाका Dedicated Freight Corridor Corporation of India Limited की रेलवे लाइन पर हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह लो-इंटेंसिटी ब्लास्ट नहीं, बल्कि ट्रैक को उड़ाने की एक सुनियोजित कोशिश थी। मौके से एक शव भी बरामद किया गया है, जिसे कथित तौर पर विस्फोट करने वाले व्यक्ति का बताया जा रहा है।

पटियाला के एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि घटनास्थल से एक सिम कार्ड और अन्य अहम सबूत भी मिले हैं। मामले की जांच GRP और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है।

इससे पहले Fatehgarh Sahib के पास जनवरी में इसी कॉरिडोर पर बड़ा धमाका हुआ था। उस घटना में रेल पटरी करीब 12 से 15 फीट तक क्षतिग्रस्त हो गई थी और वहां से गुजर रही मालगाड़ी के इंजन को भी नुकसान पहुंचा था। हादसे में लोको पायलट घायल हो गया था।

ताजा घटना पिछले हमले वाली जगह से करीब 40-50 किलोमीटर दूर हुई है, लेकिन तरीका लगभग एक जैसा बताया जा रहा है। इससे यह आशंका और गहरा गई है कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।

पुलिस और जांच एजेंसियां इस बात का पता लगाने में जुटी हैं कि इसके पीछे कौन लोग या संगठन हो सकते हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा है।

देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस फ्रेट कॉरिडोर पर लगातार हो रहे हमले सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर को नुकसान पहुंचा सकती हैं, बल्कि लॉजिस्टिक्स और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *