‘24 घंटे में रिहाई हो’, सोनम वांगचुक ने सरकार को दिया अल्टीमेटम

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिलने और अभिजीत दीपके समेत कई लोगों को हिरासत में लिए जाने पर सोनम वांगचुक ने नाराजगी जताई है। उन्होंने सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों को रिहा नहीं किया गया तो वह भी अनशन, प्रदर्शन या पदयात्रा पर विचार कर सकते हैं।

Knews Desk – दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को अनुमति नहीं मिलने और अभिजीत दीपके समेत कई लोगों को हिरासत में लिए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। लद्दाख के क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए सरकार से प्रदर्शनकारियों को 24 घंटे के भीतर रिहा करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वह भी आंदोलन में शामिल होने पर विचार करेंगे।

सोनम वांगचुक ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि दिल्ली में बड़ी संख्या में छात्र नेताओं, पत्रकारों और वकीलों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील की थी और उन्हें भरोसा था कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र में लोगों को प्रदर्शन करने की अनुमति दी जाएगी। हालांकि, उनके मुताबिक, ज्यादातर लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

वांगचुक ने अपने बयान में देशभर में अघोषित आपातकाल जैसे हालात होने की बात कही और सरकार से गिरफ्तार किए गए लोगों को अगले 24 घंटे में रिहा करने की अपील की।

उन्होंने आगे कहा कि अगर सरकार ने प्रदर्शनकारियों के प्रति नरमी नहीं दिखाई और उन्हें रिहा नहीं किया गया, तो उन्हें भी शांतिपूर्ण आंदोलन के बारे में विचार करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से लेकर लद्दाख तक कहीं भी धरना, प्रदर्शन, अनशन या पदयात्रा कर सकते हैं।

अब तक सोनम वांगचुक खुद को इस प्रदर्शन से दूर रख रहे थे, लेकिन शनिवार शाम उनके बयान से साफ हुआ कि प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी को लेकर उनका रुख सख्त हो गया है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार कोई कदम उठाएगी और उन्हें आंदोलन शुरू करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *