यूपी में राशन कार्ड धारकों को सम्मान, राशन दुकानों पर मिलेंगी कुर्सी और गुड़-पेठे की सुविधा

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए राशन वितरण व्यवस्था को और बेहतर बनाने का फैसला किया है। अब प्रदेश की राशन दुकानों पर राशन लेने पहुंचने वाले लोगों को बैठने की सुविधा, साफ पीने का पानी और गुड़ या पेठा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का कहना है कि राशन कार्ड धारकों को सम्मानजनक माहौल देने के उद्देश्य से यह नई व्यवस्था लागू की जा रही है। राशन वितरण के दिन कोटेदारों को दुकान पर आने वाले लोगों के लिए बैठने की कुर्सियों की व्यवस्था करनी होगी। इसके अलावा पीने के लिए साफ पानी और स्वागत के तौर पर गुड़ या पेठा भी उपलब्ध कराया जाएगा।

इन सुविधाओं का पूरा खर्च राज्य सरकार उठाएगी। सरकार की ओर से इसके लिए अलग से राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कोटेदारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज पांडेय ने बताया कि कोटेदार अपने स्तर पर कुर्सियों की खरीद करेंगे और इसके लिए उन्हें आवश्यक धनराशि दी जाएगी। प्रदेश में करीब 3.65 करोड़ राशन कार्ड धारक हैं, जिन्हें अपने गांव और क्षेत्र की सरकारी राशन दुकानों से खाद्यान्न मिलता है। सरकार का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में लाभार्थियों को बेहतर सुविधा और सम्मानजनक व्यवहार मिलना जरूरी है।

दरअसल, शासन को कई जगहों से शिकायतें मिल रही थीं कि राशन दुकानों पर लोगों के बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होती। कई बार बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य लाभार्थियों को राशन लेने के लिए लंबे समय तक खड़ा रहना पड़ता है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर कार्ड धारकों के साथ व्यवहार को लेकर भी शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए सरकार ने राशन वितरण केंद्रों पर सुविधाएं बढ़ाने का निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत राशन दुकानों को केवल अनाज वितरण का केंद्र नहीं, बल्कि लोगों को बेहतर सेवा देने वाले स्थान के रूप में विकसित करने की योजना है।

खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार, राशन वितरण के दौरान साफ-सफाई और लाभार्थियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा। सरकार का उद्देश्य है कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी तरह की परेशानी न हो। इस पहल को राशन कार्ड धारकों के सम्मान और सुविधा से जोड़कर देखा जा रहा है। सरकार का कहना है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक संवेदनशील और जनहितकारी बनाने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं। अब राशन दुकानों पर लागू होने वाली इस नई व्यवस्था के बाद लाभार्थियों को राशन लेने के दौरान पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *