बेंगलुरु के 60 बड़े होटलों में छापेमारी, सड़ा मांस और एक्सपायर्ड सामान बरामद; किचन देखकर अधिकारी भी हैरान

खाद्य सुरक्षा विभाग की तीन दिन चली कार्रवाई में 60 स्टार होटलों और कई बड़े फूड आउटलेट्स की जांच की गई। इस दौरान सड़ा हुआ मांस, खराब सब्जियां, एक्सपायर्ड दूध-दही और इस्तेमाल किया हुआ तेल बरामद हुआ। विभाग ने 77 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

Knews Desk- बेंगलुरु में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़े होटलों और रेस्टोरेंट्स के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। तीन दिनों तक चले इस अभियान के दौरान शहर के करीब 60 स्टार होटलों की रसोई और खाद्य भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। इस दौरान कई जगहों पर खाद्य सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी सामने आई।

अधिकारियों को कई होटलों से सड़ा हुआ चिकन, मटन और मछली के साथ-साथ एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ और खराब सब्जियां मिलीं। कुछ जगहों पर एक साल से भी ज्यादा पुराने मांसाहारी उत्पाद रखे हुए पाए गए। जांच के दौरान एक्सपायरी डेट निकल चुके सामान को दोबारा पैक कर इस्तेमाल करने की भी जानकारी सामने आई।

खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, छापेमारी के दौरान कुल 77 खाद्य नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों ने करीब 640 किलो चिकन, मटन और मछली जब्त की। इसके अलावा 276 किलो खराब सब्जियां, 45 लीटर एक्सपायर्ड दूध और दही, 12 किलो बेकरी उत्पाद और 67 किलो एक्सपायर्ड या गलत लेबल वाले खाद्य पदार्थ भी बरामद किए गए।

अधिकारियों को करीब 49 लीटर इस्तेमाल किया हुआ और नियमों के खिलाफ खाना पकाने का तेल भी मिला। विभाग अब लैब रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन होटलों में मिलीं खराब चीजें

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने यूबी सिटी, एमजी रोड और ब्रिगेड रोड जैसे प्रमुख इलाकों में स्थित कई होटलों और रेस्टोरेंट्स की रसोई की जांच की।

होटल स्काई की रसोई से करीब 45 किलो सड़ा हुआ चिकन और गोमांस, 6 किलो खराब वेजिटेबल कटलेट और 15 लीटर इस्तेमाल किया हुआ तेल बरामद हुआ। भारी मात्रा में खराब खाद्य सामग्री मिलने के बाद होटल की रसोई को सील कर दिया गया।

रॉयल चेन होटल से करीब 50 किलो बत्तख का मांस और 5 किलो खराब मछली मिली। वहीं मद्रास किचन से 5 किलो खराब मटर और टेस्कॉन होटल से 5 किलो खराब मशरूम बरामद किए गए।

इसके अलावा सांचेज होटल की जांच में 3 किलो खराब मछली, 7 किलो खराब केक, आलू और अन्य खाद्य सामग्री मिली।

पनीर में मरे तिलचट्टे, मशरूम में फफूंद

छापेमारी के दौरान कुछ होटलों की रसोई और स्टोरेज एरिया की स्थिति देखकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी भी हैरान रह गए। अधिकारियों के अनुसार, कुछ पनीर के पैकेट में मरे हुए तिलचट्टे मिले। वहीं मशरूम में फफूंद और बेबी कॉर्न में कीड़े पाए गए।

कई जगहों पर मांस को सही तापमान पर फ्रीजर में स्टोर नहीं किया गया था। इससे खाद्य पदार्थों के खराब होने का खतरा और बढ़ गया था।

मैकडॉनल्ड्स, KFC और सबवे पर भी जांच

खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई केवल स्टार होटलों तक सीमित नहीं है। KFC, मैकडॉनल्ड्स और सबवे समेत कई बड़े फूड आउटलेट्स और खाद्य भंडारण केंद्रों का भी निरीक्षण किया जा रहा है। ब्रिगेड रोड स्थित मैकडॉनल्ड्स में अधिकारियों को इस्तेमाल किए गए खाना पकाने के तेल को दोबारा इस्तेमाल करने के लिए मैग्नीशियम सल्फाइट का प्रयोग किए जाने की जानकारी मिली। विभाग ने इसे गंभीर खाद्य सुरक्षा मामला माना है और इसकी जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल सभी जब्त खाद्य पदार्थों के नमूने लैब भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि संबंधित होटल और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ किस स्तर की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *