राहुल गांधी का रायबरेली दौरा, महिलाओं से संवाद के जरिए महंगाई और केंद्र सरकार पर साधेंगे निशाना

KNEWS DESK- कांग्रेस सांसद और रायबरेली से लोकसभा प्रतिनिधि राहुल गांधी मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार वह रायबरेली में महिलाओं के साथ सीधा संवाद करेंगे। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम के जरिए वह महंगाई और केंद्र सरकार की नीतियों पर विपक्ष का हमला और तेज कर सकते हैं।

संसद में महिला आरक्षण को लेकर छिड़ी बहस के बाद रायबरेली में राजनीतिक माहौल पहले से ही गर्म है। हाल ही में भारतीय जनता पार्टी की महिला विंग ने धरना-प्रदर्शन कर राहुल गांधी पर निशाना साधा था। ऐसे में यह दौरा दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव को और बढ़ा सकता है।

राहुल गांधी अपने दौरे की शुरुआत खीरों से करेंगे, जहां वह दोपहर 11 बजे के करीब मुख्य चौराहा के पास स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज के सामने एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह लालगंज पहुंचेंगे, जहां एक गेस्टहाउस में महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि चुनाव के बाद राहुल गांधी लगातार अपने संसदीय क्षेत्र में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में लोगों से संवाद करते रहे हैं। इससे पहले वह ऊंचाहार, सदर और हरचंदपुर में भी जनता से मुलाकात कर चुके हैं।

इस बार का कार्यक्रम खास तौर पर महिलाओं पर केंद्रित है। चर्चा है कि बातचीत के दौरान महंगाई, घरेलू खर्च और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, रसोई गैस सिलिंडर की कीमत, सोने-चांदी की खरीद और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर भी बातचीत हो सकती है। कांग्रेस का आरोप रहा है कि केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का सीधा असर आम महिलाओं की जेब पर पड़ रहा है।

लोकसभा चुनाव में महिलाओं ने कांग्रेस को अच्छा समर्थन दिया था। ऐसे में यह संवाद कार्यक्रम न सिर्फ जनसंपर्क का हिस्सा माना जा रहा है, बल्कि इसे आने वाले विधानसभा चुनावों के लिए महिलाओं की सोच और रुझान को समझने की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *