लंच के बाद जंतर-मंतर जा रहे विपक्षी सांसद, राहुल बोले- FIR मेरे लिए मेडल की तरह

KNEWS DESK- मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी सांसदों का विरोध प्रदर्शन जारी है। मंगलवार को चुनाव आयोग की ओर मार्च और धरने के बाद बुधवार को INDIA गठबंधन के सांसद दिल्ली के सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच के लिए जुटे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसद लंच के बाद बसों से जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए।

राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर धरना देने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष कल चुनाव आयोग से मिलना चाहता था, लेकिन उन्हें मिलने नहीं दिया गया और दिल्ली पुलिस ने उन्हें रोक दिया। राहुल ने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य 100 FIR का है और सभी FIR उनके लिए मेडल की तरह हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्ष डरने वाला नहीं है और चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी बात पूरे देश तक पहुंचाएगा।

लंच में पहुंचे कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने राहुल और प्रियंका गांधी के खिलाफ दर्ज FIR पर कहा कि विपक्ष FIR से डरता नहीं है और यह सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सांसद दस्तावेज पर हस्ताक्षर करेंगे और चुनाव आयोग सभी के हस्ताक्षर चाहता है। दरअसल, दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के खिलाफ आकाशवाणी भवन में कथित तौर पर जबरन प्रवेश करने और बिना अनुमति धरना देने के आरोप में FIR दर्ज की है। मंगलवार को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग की ओर मार्च करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उन्हें रोक दिया, जिसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य सांसद आकाशवाणी भवन के बाहर धरने पर बैठ गए।

पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान करीब 250 लोगों को हिरासत में लिया गया। इनमें राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, डेरेक ओ’ब्रायन समेत विपक्षी नेता और सांसद शामिल थे। अधिकांश लोगों को कुछ देर बाद छोड़ दिया गया, जबकि राहुल गांधी और अन्य सांसदों को रात करीब 10 बजे के बाद रिहा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *