Knews Desk- मेरठ के चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में आज, 14 अक्टूबर को दोषी मुस्कान और साहिल की सजा का ऐलान होना है। जिला जज अरविंद कुमार मिश्र की अदालत के फैसले पर पीड़ित परिवार की नजरें टिकी हैं। सौरभ के भाई राहुल राजपूत ने दोनों के लिए मौत की सजा की मांग की है और कहा है कि ऐसा नहीं होने पर वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट का रुख करेंगे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सजा सुनाए जाने से पहले मुस्कान और साहिल मेरठ जेल में बेचैन रहे। बताया गया है कि दोनों रातभर नहीं सोए और साथी बंदियों से बातचीत भी नहीं की। उन्होंने रात और सुबह का खाना भी नहीं खाया। अदालत का फैसला सुबह 11 बजे के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सुनाए जाने की संभावना जताई गई थी।
वहीं, मृतक सौरभ राजपूत के भाई राहुल ने सुबह पूजा-पाठ कर आरोपियों को फांसी की सजा मिलने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि परिवार करीब डेढ़ साल से न्याय के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहा है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
क्या था पूरा मामला?
3 मार्च 2025 को मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल ने कथित तौर पर सौरभ राजपूत की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि पहले सौरभ को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया और फिर चाकू से उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को नीले ड्रम में डालकर सीमेंट से सील कर दिया गया। दोनों आरोपियों को 18-19 मार्च 2025 को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
इस मामले में 126 तारीखों पर सुनवाई के बाद 30 सितंबर 2026 को जिला अदालत ने मुस्कान और साहिल को हत्या और सबूत मिटाने का दोषी करार दिया था। अब अदालत के सजा संबंधी फैसले का इंतजार है।