KNEWS DESK – Karnataka के उत्तर कन्नड़ जिले में बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है। भटकल इलाके की थट्टेहक्कलू नदी में डूबने से एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक कुल 14 लोग नदी में सीपियां इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान सभी गहरे पानी में फंस गए। हादसे में 8 लोगों की जान चली गई, जबकि 4 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। दो अन्य की तलाश अब भी जारी है।
एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि सभी लोग भटकल के शिराली इलाके के रहने वाले थे और मृतकों में ज्यादातर एक ही परिवार के सदस्य शामिल हैं।
मृतकों की पहचान लक्ष्मी मदेव नायक, लक्ष्मी शिवराम नायक, मालथी जट्टप्पा नायक, मस्तम्मा मंजुनाथ नायक, लक्ष्मी अन्नाप्पा नायक, ज्योति नायक और उमेश मंजुनाथ नायक समेत अन्य के रूप में हुई है।
घटना के बाद नदी किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजन और स्थानीय लोग लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की दुआ करते नजर आए।
सीपियां इकट्ठा करने गए थे सभी लोग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, पानी कम होने पर मछुआरे और ग्रामीण अक्सर नदी या समुद्र में सीपियां इकट्ठा करने जाते हैं। इसी सिलसिले में पूरा परिवार थट्टेहक्कलू नदी पहुंचा था।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नदी की गहराई का सही अंदाजा न लग पाने के कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस और NDRF
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। National Disaster Response Force यानी NDRF के जवानों को भी रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए बुलाया गया है।
उत्तर कन्नड़ की जिला आयुक्त लक्ष्मी प्रिया ने बताया कि शाम तक जलस्तर कम होने के बाद तलाशी अभियान और तेज किया जाएगा।
उत्तर कन्नड़ के एसपी दीपान ने बताया कि हादसे में बचाए गए चार लोगों को इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल भेजा गया है। वहीं तटीय सुरक्षा बल, स्थानीय पुलिस और मछुआरे मिलकर लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।