यमुना सफाई पर रेखा सरकार का मेगा प्लान! 1000 करोड़ की परियोजनाओं को मिली मंजूरी

KNEWS DESK – Rekha Gupta के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने यमुना नदी की सफाई और राजधानी की जल व्यवस्था सुधारने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 1000 करोड़ रुपये से ज्यादा की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं का मकसद सीवेज ट्रीटमेंट, जल संरक्षण और जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाना है।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दिल्ली को स्वच्छ, हरित और जल-सुरक्षित राजधानी बनाना है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए मिशन मोड में काम किया जा रहा है।

नजफगढ़ क्षेत्र में लगेंगे 12 नए STP

दिल्ली सरकार ने नजफगढ़ इलाके में 12 नए डिसेंट्रलाइज्ड सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (DSTP) लगाने को मंजूरी दी है। करीब 860 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन प्लांट्स की कुल क्षमता 46.5 एमजीडी होगी।

इन परियोजनाओं को केंद्र सरकार की AMRUT Mission योजना के तहत विकसित किया जाएगा।

सरकार के मुताबिक इन परियोजनाओं से 121 से ज्यादा अनधिकृत कॉलोनियों, 35 गांवों और करीब 7 लाख लोगों को फायदा मिलेगा। साथ ही untreated sewage को नजफगढ़ ड्रेन में जाने से रोका जा सकेगा, जिससे यमुना नदी की सफाई में मदद मिलेगी।

केशोपुर STP की क्षमता बढ़ेगी

मुख्यमंत्री ने बताया कि केशोपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के पहले चरण का अपग्रेडेशन किया जाएगा। इसकी क्षमता 12 एमजीडी से बढ़ाकर 18 एमजीडी की जाएगी।

करीब 122 करोड़ रुपये की इस परियोजना में उपचारित पानी की गुणवत्ता को आधुनिक मानकों के अनुसार बेहतर बनाया जाएगा। इसके साथ ही 11 वर्षों तक संचालन और रखरखाव की व्यवस्था भी शामिल होगी।

रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पर जोर

दिल्ली सरकार ने भूजल स्तर सुधारने के लिए रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को भी प्राथमिकता दी है। दिल्ली जल बोर्ड नए वर्षा जल संचयन ढांचे बनाएगा और पुराने सिस्टम को दोबारा विकसित करेगा।

इसके लिए सरकार ग्राउंड वॉटर एक्सपर्ट्स और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग सोशल मोबिलाइजर्स की भी नियुक्ति करेगी।

त्रिलोकपुरी और शाहदरा को मिलेगा फायदा

सरकार ने त्रिलोकपुरी इलाके में करीब 57 करोड़ रुपये की लागत से पुरानी ट्रंक सीवर लाइन के पुनर्वास को भी मंजूरी दी है। यह सीवर लाइन 40 साल से ज्यादा पुरानी हो चुकी थी और कई बार तकनीकी समस्याएं सामने आ चुकी थीं।

इसके अलावा शाहदरा के रोहतास नगर में नया अंडरग्राउंड रिजर्वायर और बूस्टर पंपिंग स्टेशन बनाया जाएगा। करीब 27 करोड़ रुपये की इस परियोजना से इलाके की जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी।

“दिल्ली को जल-सुरक्षित बनाना लक्ष्य”

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के मार्गदर्शन में दिल्ली जल प्रबंधन, सीवेज ट्रीटमेंट और यमुना पुनर्जीवन के क्षेत्र में देश के लिए उदाहरण बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *