फलता में BJP की बड़ी जीत! TMC के गढ़ में देबांग्शु पांडा ने 1 लाख से ज्यादा वोटों से मारी बाजी

KNEWS DESK – पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार Debangshu Panda ने शानदार जीत दर्ज की है। खास बात यह है कि यह सीट पहले All India Trinamool Congress के कब्जे में थी और इसे टीएमसी का मजबूत गढ़ माना जाता था।

दोबारा हुए मतदान की मतगणना में बीजेपी ने करीब 1 लाख वोटों के भारी अंतर से जीत हासिल की। इस नतीजे को पश्चिम बंगाल में टीएमसी के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है।

क्यों करानी पड़ी दोबारा वोटिंग?

फलता सीट पर 29 अप्रैल को पहली बार मतदान हुआ था। लेकिन मतदान के दौरान ईवीएम से छेड़छाड़, बूथ कब्जाने और मतदाताओं को धमकाने जैसे गंभीर आरोप लगे। मामला इतना बढ़ गया कि चुनाव आयोग को पूरी वोटिंग रद्द करनी पड़ी।

इसके बाद 21 मई को सभी 285 बूथों पर दोबारा मतदान कराया गया। इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और भारी पुलिस बल तैनात रहा। दोबारा मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और 88 प्रतिशत से ज्यादा वोटिंग दर्ज की गई।

किसे मिले कितने वोट?

24 मई को हुई मतगणना में शुरू से ही बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा बढ़त बनाए हुए थे। हर राउंड के साथ उनकी लीड लगातार बढ़ती गई।

  • बीजेपी के देबांग्शु पांडा को मिले — 1,49,666 वोट
  • सीपीएम के संभू नाथ कुर्मी को मिले — 40,645 वोट
  • कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला को मिले — 10,084 वोट
  • टीएमसी के जहांगीर खान को मिले — 7,783 वोट

दिलचस्प बात यह रही कि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने दोबारा मतदान से पहले ही चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था।

ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप

नतीजों के बाद Mamata Banerjee ने चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि फिर से वोटों की चोरी हुई है।

ममता बनर्जी ने दावा किया कि केंद्रीय बलों के लोग बीजेपी एजेंट बनकर मतगणना केंद्र के अंदर गए और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।

शुभेंदु अधिकारी का TMC पर हमला

वहीं बीजेपी की जीत के बाद Suvendu Adhikari ने टीएमसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “डायमंड हार्बर मॉडल अब तृणमूल का लॉस मॉडल बन गया है।”

उन्होंने फलता की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि लोगों ने बीजेपी पर भरोसा जताया है और पार्टी विकास के जरिए इस भरोसे का जवाब देगी। शुभेंदु ने दावा किया कि उन्होंने 1 लाख वोटों से जीत की अपील की थी और जनता ने उससे भी ज्यादा अंतर से बीजेपी को जीत दिलाई।

फलता सीट दक्षिण 24 परगना जिले में आती है और यह क्षेत्र Abhishek Banerjee के डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत माना जाता है। ऐसे में बीजेपी का यहां इतनी बड़ी जीत दर्ज करना राजनीतिक तौर पर बेहद अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *