‘वोट लूटकर जीती BJP’… ममता बनर्जी का बड़ा हमला, बोलीं- हमें 220 सीटें मिलनी चाहिए थीं

KNEWS DESK – Mamata Banerjee ने एक बार फिर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। विधानसभा चुनाव नतीजों के करीब 20 दिन बाद ममता बनर्जी फेसबुक लाइव पर सामने आईं और चुनाव प्रक्रिया से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था तक पर कई गंभीर आरोप लगाए।

ममता बनर्जी ने दावा किया कि अगर निष्पक्ष चुनाव होते तो तृणमूल कांग्रेस को 220 से 230 सीटें मिलतीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने “वोट लूटकर” चुनाव जीता है।

“हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया”

ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव के बाद उनके दो से ढाई हजार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि फेरीवालों की रोजी-रोटी छीनी गई और पार्टी कार्यालयों को भी नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने कहा, “आपने वोट लूटे हैं, लोकतंत्र को कमजोर किया है और प्रशासनिक आतंक फैला रखा है।”

चुनाव आयोग पर भी उठाए सवाल

तृणमूल सुप्रीमो ने चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर कब्जा किया जा रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं का दुरुपयोग हो रहा है।

https://www.facebook.com/watch/live

ममता ने आरोप लगाया कि बीजेपी के लोग CRPF की वर्दी पहनकर काउंटिंग सेंटर तक में घुस गए थे। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी सच में जनता के समर्थन से जीती होती, तो लोगों में जीत को लेकर उत्साह और “स्पॉन्टेनिटी” दिखाई देती।

विपक्ष का दर्जा न मिलने पर नाराजगी

ममता बनर्जी ने विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस को विपक्ष का दर्जा न मिलने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पार्टी के 89 विधायक होने के बावजूद उन्हें विपक्ष का अधिकार नहीं दिया जा रहा।

उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल के नेता के दफ्तर पर ताला लगा दिया गया है और पूर्व मंत्री व पूर्व स्पीकर को बरामदे में बैठने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

धार्मिक मुद्दों पर भी बोलीं ममता

ममता बनर्जी ने बीजेपी पर धार्मिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि “सबके लिए एक जैसे नियम होने चाहिए, किसी का हक नहीं छीना जा सकता।” उन्होंने कहा कि इमाम और पुजारियों के भत्ते को लेकर भी गलत तरीके से राजनीति की जा रही है।

ममता बनर्जी ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक और राजनीतिक दबाव के जरिए विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *