KNEWS DESK– WhatsApp ने लंबे इंतजार के बाद मैसेज शेड्यूल करने का फीचर रोलआउट करना शुरू कर दिया है। इस सुविधा के जरिए यूजर्स पहले से तय कर सकेंगे कि किसी पर्सनल या ग्रुप चैट में मैसेज किस तारीख और समय पर भेजना है। खास बात यह है कि तय समय आने पर WhatsApp खुद मैसेज भेज देगा और इसके लिए यूजर को उस वक्त ऑनलाइन रहने की जरूरत नहीं होगी।
Meta के मालिकाना हक वाले WhatsApp ने 25 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस फीचर का टीजर भी जारी किया। रिपोर्ट के मुताबिक, यूजर्स टेक्स्ट मैसेज के साथ फोटो, वीडियो और लिंक भी शेड्यूल कर सकेंगे। हालांकि, फिलहाल लोकेशन और डॉक्यूमेंट फाइल को शेड्यूल करने का विकल्प उपलब्ध नहीं है।
मैसेज शेड्यूल करने के लिए सबसे पहले WhatsApp पर अपनी पर्सनल या ग्रुप चैट खोलें। इसके बाद मैसेज टाइप करें या फोटो-वीडियो अटैच करें। अब सेंड बटन को कुछ देर दबाकर रखें। इसके बाद शेड्यूल मैसेज का विकल्प दिखाई देगा। यहां अपनी पसंद की तारीख और समय चुनकर मैसेज शेड्यूल किया जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, मैसेज को कम से कम 10 मिनट और अधिकतम दो सप्ताह पहले तक शेड्यूल किया जा सकेगा।
WhatsApp शेड्यूल किए गए मैसेज को देखने, बदलने और डिलीट करने की सुविधा भी देगा। चैट की डिटेल्स में पेंडिंग मैसेज की अलग लिस्ट दिखाई देगी। मैसेज भेजे जाने से पहले उसे डिलीट करने पर सामने वाले को कोई नोटिफिकेशन नहीं मिलेगा। ग्रुप चैट में शेड्यूल किया गया मैसेज उन सदस्यों को ही मिलेगा, जो मैसेज शेड्यूल करते समय ग्रुप में मौजूद थे। बाद में जुड़ने वाले सदस्यों को वह मैसेज नहीं मिलेगा।
फिलहाल यह फीचर सभी यूजर्स को नहीं मिला है। WhatsApp इसे धीरे-धीरे रोलआउट कर रहा है। जिन यूजर्स को यह विकल्प नहीं दिख रहा है, वे ऐप अपडेट चेक कर सकते हैं।