बेंगलुरु के एक फाइव स्टार होटल में स्विमिंग पूल में कथित तौर पर करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। मृतकों में जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा का एक क्रू मेंबर भी शामिल है। हादसे में दो अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Knews Desk– बेंगलुरु के हलासुरु इलाके में स्थित एक फाइव स्टार होटल में शुक्रवार शाम बड़ा हादसा हो गया। होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में तैराकी के दौरान कथित तौर पर करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान 57 वर्षीय जर्मन नागरिक अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थिस और 45 वर्षीय जुराज होर्वाट के रूप में हुई है। अलेक्जेंडर लुफ्थांसा एयरलाइन में क्रू मेंबर थे, जबकि जुराज आईबीएम कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम दोनों स्विमिंग पूल में तैराकी कर रहे थे, तभी उन्हें कथित तौर पर बिजली का करंट लग गया। घटना के बाद उन्हें बचाने के लिए एक अमेरिकी नागरिक और होटल का पूल अटेंडेंट आगे आए। इस दौरान अमेरिकी नागरिक मैथ्यू डेसेंटिस (41) और होटल कर्मचारी राहुल तिवारी (28) भी घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और करंट लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।