प्रयागराज STF के दरोगा पर रिश्वत मांगने का आरोप, दो गाय, भैंस, जर्मन शेफर्ड और 35 हजार रुपये की डिमांड

प्रयागराज एसटीएफ में तैनात दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह पर शराब तस्करी के मामले से नाम हटवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर हरियाणा के हिसार में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एसटीएफ के एक दरोगा पर रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया है। आरोप है कि दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह ने शराब तस्करी के मुकदमे से नाम हटवाने के बदले दो गाय, एक भैंस, जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता और कुर्सी-मेज खरीदने के लिए 35 हजार रुपये मांगे थे। शिकायतकर्ता ने इस संबंध में बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य जांच एजेंसी को सौंपे हैं।

मामला हरियाणा के हिसार से जुड़ा है, जहां शिकायत और उपलब्ध कराए गए सबूतों की जांच के बाद दरोगा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। शिकायतकर्ता मनवीर सिंह का आरोप है कि दरोगा ने उनसे कहा था कि उनकी मांग पूरी करने पर शराब तस्करी के मामले से उनका नाम हटवाने में मदद की जाएगी।

एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपी गईं ऑडियो रिकॉर्डिंग

मामले में मनवीर सिंह ने दरोगा के साथ हुई बातचीत की करीब 45 ऑडियो रिकॉर्डिंग और स्क्रीनशॉट हरियाणा के एंटी करप्शन ब्यूरो को सौंपे। इन रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। जानकारी के मुताबिक, 6 अक्टूबर को दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

वर्ष 2023 में दर्ज हुआ था शराब तस्करी का मामला

दरअसल, मनवीर सिंह के खिलाफ 2 सितंबर 2023 को प्रयागराज के नवाबगंज थाने में अवैध शराब तस्करी का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोप है कि इसी मामले से नाम हटवाने के बदले दरोगा ने पशुओं, कुत्ते और नकदी की मांग की थी। शिकायतकर्ता मनवीर सिंह उर्फ मनु हरियाणा के हिसार जिले के ब्यानाखेड़ा गांव के निवासी बताए गए हैं।

फिलहाल, दरोगा रणेंद्र कुमार सिंह पर लगाए गए आरोपों के मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के आधार पर ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *