भारत को बड़ा झटका, चोट के कारण नीरज चोपड़ा पूरे सीजन से बाहर

KNews Desk– भारतीय एथलेटिक्स के लिए बड़ी निराशा की खबर सामने आई है। स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने चोट के कारण मौजूदा सीजन के बाकी मुकाबलों से हटने का फैसला किया है। नीरज के टखने में ट्रेनिंग के दौरान लिगामेंट टियर हुआ है। इसके चलते वह ब्रुसेल्स में 4-5 सितंबर को होने वाले डायमंड लीग फाइनल और जापान में होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

नीरज ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस को इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लुसाने डायमंड लीग में सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के बाद उन्हें अपनी लय और गति वापस मिलती हुई महसूस हो रही थी, लेकिन इसके कुछ समय बाद ट्रेनिंग के दौरान टखने का लिगामेंट फट गया।

डॉक्टरों की सलाह के बाद लिया फैसला

नीरज के मुताबिक, उन्होंने डॉक्टरों और अपनी टीम से बातचीत करने के बाद पूरे सीजन के बाकी मुकाबलों से हटने का निर्णय लिया है। उन्होंने इसे बेहद निराशाजनक बताया, खासकर इसलिए क्योंकि उन्हें लग रहा था कि वह अपनी पुरानी लय के करीब पहुंच रहे थे।Vहालांकि, अब उनका पूरा ध्यान चोट से उबरने और अगले सीजन में पूरी फिटनेस के साथ वापसी करने पर है। नीरज ने अपने समर्थकों का भी प्यार और लगातार समर्थन देने के लिए धन्यवाद किया।

लुसाने में किया था सीजन का बेस्ट थ्रो

नीरज चोपड़ा ने हाल ही में लुसाने डायमंड लीग में 88.05 मीटर का थ्रो किया था, जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। इस शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने डायमंड लीग फाइनल के लिए भी क्वालिफाई किया था।Vऐसे में डायमंड लीग फाइनल को उनके लिए महत्वपूर्ण मुकाबला माना जा रहा था। एशियन गेम्स से पहले यह प्रतियोगिता उनकी फॉर्म और तैयारी को परखने का बड़ा मौका थी। लेकिन चोट के कारण अब वह दोनों बड़े टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।

एशियन गेम्स में भारत को बड़ा नुकसान

नीरज चोपड़ा का एशियन गेम्स से बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। वह भारत के प्रमुख गोल्ड मेडल दावेदारों में शामिल थे और एशियन गेम्स में अपने खिताब का बचाव करने की तैयारी कर रहे थे।Vउनके बाहर होने से भारतीय एथलेटिक्स टीम की पदक उम्मीदों पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, नीरज ने साफ किया है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान रिहैबिलिटेशन और पूरी तरह फिट होकर वापसी करने पर है।

नीरज की चोट ने भारतीय खेल प्रशंसकों को निराश जरूर किया है, लेकिन अब सभी की नजरें उनकी रिकवरी और अगले सीजन में दमदार वापसी पर रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *