आतंक के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन, शहजाद भट्टी नेटवर्क पर शिकंजा, 14 राज्यों में 253 लोग हिरासत में

KNEWS DESK- स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुताबिक, 14 राज्यों में समन्वित कार्रवाई कर इस नेटवर्क से जुड़े 200 से अधिक ऑपरेटिव को गिरफ्तार किया गया और उसके आतंकी मंसूबों को नाकाम किया गया। गृह मंत्रालय के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान कुल 253 लोगों को हिरासत में लिया गया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह ऑपरेशन आतंकवाद के प्रति सरकार की जीरो-टॉलरेंस नीति का हिस्सा है। सुरक्षा एजेंसियों ने अलग-अलग राज्यों में एक साथ कार्रवाई करते हुए नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों को पकड़ा। एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क के तार भारत के कई हिस्सों तक फैले हुए थे।

IED, ग्रेनेड और हथियार बरामद

गृह मंत्रालय के अनुसार, कार्रवाई के दौरान संदिग्धों के ठिकानों से इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED), पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले CCTV कैमरों से जुड़ी सामग्री भी जांच एजेंसियों के हाथ लगी है।

सुरक्षा एजेंसियों का आरोप है कि नेटवर्क की गतिविधियों में हमलों की साजिश, रेकी और जासूसी जैसे काम शामिल थे। जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि स्थानीय लोगों को पैसे देकर पुलिस, रक्षा प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों की निगरानी कराई जा रही थी।

80 से ज्यादा FIR दर्ज

गृह मंत्रालय के मुताबिक, शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 80 से अधिक FIR दर्ज की गई हैं। मंत्रालय ने इसे पाकिस्तान से संचालित नेटवर्क के खिलाफ सीमा पार आतंकवाद के प्रति सरकार की सख्त नीति का हिस्सा बताया है।

12 अगस्त को राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय एजेंसियों के बीच रियल-टाइम इंटेलिजेंस साझा करते हुए समन्वित अभियान चलाया गया। इसका उद्देश्य नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ एक साथ कार्रवाई करना था।

इन राज्यों में हुई कार्रवाई

गृह मंत्रालय के अनुसार, 14 राज्यों में की गई कार्रवाई में उत्तर प्रदेश से 62, हरियाणा से 52, दिल्ली से 51, पंजाब से 44, राजस्थान से 15, महाराष्ट्र से 8, उत्तराखंड से 5 और कर्नाटक, गुजरात तथा बिहार से 3-3 लोगों को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल से भी 2-2 लोगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी गई है।

शहजाद भट्टी नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले भी अलग-अलग राज्यों में कार्रवाई करती रही हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और असम में इस नेटवर्क से जुड़े संदिग्धों की गिरफ्तारियां और पूछताछ पहले भी सामने आ चुकी हैं।

सोशल मीडिया के जरिए नेटवर्क फैलाने का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल युवाओं को जोड़ने और उन्हें कथित तौर पर आपराधिक या आतंकी गतिविधियों में शामिल करने के लिए कर रहा था। पहले की जांच में भी एजेंसियों ने सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की भर्ती और स्लीपर मॉड्यूल तैयार करने के आरोप लगाए हैं।

सुरक्षा एजेंसियां अब गिरफ्तार और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के जरिए नेटवर्क की पूरी संरचना, फंडिंग, संपर्कों और संभावित साजिशों का पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल 14 राज्यों में हुई इस व्यापक कार्रवाई को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *