Knews Desk- जम्मू-कश्मीर में जारी पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान मंगलवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंडेरबल जिले के गुंड इलाके में एस-मोड़ के पास श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी श्रद्धालु की मौत की सूचना नहीं है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पहाड़ी मार्ग पर चलते समय चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में गुंड थाना पुलिस के साथ इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (ITBP), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 118वीं बटालियन, 2 असम राइफल्स, 21 राष्ट्रीय राइफल्स और यात्रा ड्यूटी पर तैनात जवानों ने हिस्सा लिया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव अभियान में अहम भूमिका निभाई। सभी घायलों को सुरक्षित निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घायलों को पहले घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली के श्रद्धालु शामिल हैं। चिकित्सकों की टीम सभी घायलों का इलाज कर रही है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जांच में जुटा प्रशासन
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे की वजह चालक का बस से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। वहीं, अमरनाथ यात्रा प्रशासन अन्य श्रद्धालुओं की यात्रा प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक परिवहन और आवश्यक व्यवस्थाएं करने में जुटा है।