‘सड़क पर खड़ी महिला को कहां से कहां पहुंचा दिया’ रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू का पलटवार

Knews Desk- उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू के बीच विवाद गहराता जा रहा है। साहू ने रेखा आर्य के आरोपों को निराधार बताते हुए कथित ऑडियो को AI से बनाया गया बताया है। उन्होंने रेखा आर्य के राजनीतिक सफर में 17 वर्षों तक साथ देने का दावा किया। साथ ही, मंत्री पर करीब 210 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का आरोप लगाते हुए दस्तावेजों के साथ खुलासा करने की बात कही है।

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के आरोपों के बाद उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू ने अपनी सफाई पेश की है। साहू ने मंत्री की ओर से जारी कथित ऑडियो को AI से तैयार किया गया बताते हुए अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को निराधार करार दिया। उन्होंने कहा कि रेखा आर्य उस समय को भूल गई हैं, जब उन्होंने उन्हें राजनीतिक मुकाम तक पहुंचाने में मदद की थी।

साहू ने कहा, “तुम वो दिन भूल गई कि मैंने तुम्हें कहां से कहां खड़ा किया है। सड़क पर खड़ी महिला को मैंने कहां से कहां पहुंचा दिया।” उन्होंने दावा किया कि शादी के समय रेखा आर्य के पास केवल दो सलवार-कुर्ते थे और उन्होंने 17 वर्षों तक उनके राजनीतिक सफर में साथ दिया।

इसके साथ ही गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने करीब 210 करोड़ रुपये की संपत्ति होने का दावा करते हुए कहा कि वह जल्द ही दस्तावेजों के साथ पूरे मामले की कलई खोलेंगे। हालांकि, संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े ये आरोप साहू की ओर से लगाए गए हैं।

साहू ने मुख्यमंत्री से अपील की कि मामले की जांच किसी भी जांच एजेंसी से कराई जाए। उनके इस बयान के बाद रेखा आर्य और उनके पति के बीच विवाद और चर्चा में आ गया है। फिलहाल, दोनों पक्षों के आरोपों और दावों को लेकर आगे की स्थिति पर नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *