ICU में भर्ती लालकृष्ण आडवाणी, सीने में संक्रमण के बाद अस्पताल ने जारी किया हेल्थ अपडेट

Knews Desk- बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को सीने में संक्रमण के कारण दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मुताबिक, 98 वर्षीय आडवाणी की हालत स्थिर है और डॉक्टर उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल की ओर से शनिवार को जारी बयान के अनुसार, उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया था। फिलहाल वह ICU में भर्ती हैं। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि आडवाणी की हालत स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। न्यूरोलॉजी के वरिष्ठ सलाहकार डॉ. विनीत सूरी उनकी देखरेख कर रहे हैं। पल्मोनरी विभाग में भी उनका उपचार किया जा रहा है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे अस्पताल पहुंचकर आडवाणी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इससे पहले भी उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के कारण उन्हें इसी साल मई में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिनों बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को आडवाणी के आवास पर उनसे मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था। पीएम मोदी ने उनके सार्वजनिक जीवन में योगदान और देश की प्रगति में उनकी भूमिका की सराहना की थी।

लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को कराची में हुआ था। बीजेपी को देशभर में मजबूत बनाने में उनकी अहम भूमिका रही है। वह कई बार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और 1990 की राम रथ यात्रा के जरिए राष्ट्रीय राजनीति में प्रमुखता से उभरे। वर्ष 2024 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *